उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में 21 अगस्त को हुई 24 लाख 85 हजार रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान लूट की घटना में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से 5 लाख रुपये, दो अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों की पहचान सद्दाम और एहसान के रूप में हुई है।

मेरठ निवासी से हुई थी 24.85 लाख रुपये की लूट

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को वेव सिटी थाना क्षेत्र में मेरठ के अलीबाग कॉलोनी निवासी गिलमान पुत्र नईमुद्दीन से स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 24 लाख 85 हजार रुपये लूट लिए थे। मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना वेव सिटी में मुकदमा अपराध संख्या 0220/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थीं।

मोटरसाइकिल से घूम रहे थे आरोपी

मंगलवार को स्वाट टीम अपराध शाखा को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल वांछित बदमाश बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर वेव सिटी क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर स्वाट टीम अपराध शाखा, स्वाट टीम नगर जोन और थाना वेव सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने राजा जी रोड पर चेकिंग शुरू कर दी।

बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग

इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस टीम को देखकर दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने की जवाबी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर गए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

आरोपियों की हुई पहचान

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सद्दाम पुत्र आफाक, निवासी नीलमणि कॉलोनी, अर्थला, थाना साहिबाबाद, उम्र करीब 20 वर्ष और आसिफ पुत्र एहसान, निवासी फदल्लेपुर रोड, बाबू भारती गली नंबर 35, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ, उम्र करीब 38 वर्ष बताया।

5 लाख रुपये भी आरोपियों के पास से बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पांच लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा दो अवैध देशी तमंचे 0.315 बोर, चार जिंदा कारतूस 0.315 बोर, चार खोखा कारतूस और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि 24 लाख 85 हजार रुपये की पूरी लूट में कितने लोग शामिल थे और बाकी रकम व अन्य आरोपियों का क्या कनेक्शन है।

अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी पर जुटी पुलिस

इस कार्रवाई में स्वाट टीम अपराध शाखा पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद, स्वाट टीम नगर जोन और थाना वेव सिटी पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि लूट की वारदात के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

ज़ुबेर अख्तर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

कानपुर में IBPS PO परीक्षा में फर्जीवाड़ा, नकल कराने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार





Source link

Write A Comment