Egg Bhurji Recipe: कभी-कभी घर में सब्जी नहीं होती और समझ नहीं आता कि झटपट ऐसा क्या बनाया जाए जो स्वादिष्ट भी हो और पेट भी भर दे. ऐसे समय में अंडे की भुर्जी एक आसान विकल्प बन सकती है. खासकर अगर इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और मसालों का सही तड़का लग जाए, तो साधारण अंडे भी काफी स्वादिष्ट लगने लगते हैं. इसका स्वाद रोटी, पराठे और चावल के साथ खूब जमता है, लेकिन घर पर भुर्जी बनाते समय एक दिक्कत अक्सर आती है-अंडे ज्यादा पकने पर सूखे और रबड़ जैसे हो जाते हैं.

जबकि ढाबे जैसी भुर्जी की खासियत ही उसकी नरमी और हल्की जूसी बनावट है. इसका राज बहुत मुश्किल नहीं है. अंडों को फेंटते समय थोड़ा दूध या पिघला मक्खन डालना और उन्हें ज्यादा देर तक न पकाना काफी मदद करता है, अगर आज कुछ चटपटा खाने का मन है, तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई की जा सकती है.

ढाबा स्टाइल अंडे की भुर्जी बनाने के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए चार अंडे, दो बड़े प्याज, दो टमाटर और दो-तीन हरी मिर्च लें. इसके साथ एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक बड़ा चम्मच मक्खन या देसी घी और एक बड़ा चम्मच तेल चाहिए. मसालों में आधा छोटा चम्मच जीरा, एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर और आधा छोटा चम्मच पाव भाजी मसाला या किचन किंग मसाला लिया जा सकता है. स्वाद के लिए नमक, एक छोटा चम्मच कसूरी मेथी और थोड़ा हरा धनिया रखें. अंडों को नरम रखने के लिए एक बड़ा चम्मच दूध या थोड़ा पिघला मक्खन भी इस्तेमाल करें.

ऐसे बनाएं नरम और जूसी एग भुर्जी
पहला स्टेप: अंडों को सही तरीके से फेंटें
एक बाउल में चारों अंडे फोड़ें. इसमें थोड़ा नमक और एक चम्मच दूध या पिघला हुआ मक्खन डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अंडों को जितना अच्छी तरह फेंटा जाएगा, भुर्जी की बनावट उतनी ही हल्की और मुलायम बनेगी. अब कड़ाही में तेल और मक्खन गर्म करें. इसमें जीरा डालकर चटकने दें. इसके बाद बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालें. प्याज को मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर करीब एक मिनट तक पकाएं.

टमाटर और मसालों से आएगा असली स्वाद
अब कड़ाही में बारीक कटे टमाटर और थोड़ा नमक डालें. टमाटर के नरम होने तक इसे पकाएं. जब टमाटर अच्छी तरह गल जाएं, तब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और पाव भाजी मसाला डालें. मसालों को धीमी आंच पर कुछ देर भूनें, ताकि उनका कच्चापन निकल जाए और तेल हल्का अलग दिखाई देने लगे. इसके बाद गैस की आंच धीमी कर दें और फेंटे हुए अंडे कड़ाही में डालें. अंडे डालते ही चम्मच या कछुल से लगातार चलाते रहें. इससे अंडे छोटे-छोटे टुकड़ों में पकेंगे और भुर्जी की सही बनावट आएगी.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

सबसे जरूरी है ज्यादा न पकाना
अंडे को करीब दो से तीन मिनट तक ही पकाएं. लगातार चलाते रहें और जैसे ही अंडे सेट होने लगें, गैस बंद कर दें. कड़ाही की बची हुई गर्मी में अंडे थोड़े और पक जाएंगे, अगर इन्हें ज्यादा देर तक गैस पर रखा, तो भुर्जी सूखी और कड़क हो सकती है. आखिर में कसूरी मेथी को हथेली से मसलकर डालें और ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं. चाहें तो थोड़ा मक्खन भी डाल सकते हैं. गरमा-गरम भुर्जी को तवा रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें.

स्वाद बढ़ाने के लिए छोटी-सी ट्रिक
अगर आपको बाजार या ढाबे जैसी भुर्जी पसंद है, तो प्याज-टमाटर के मसाले को जल्दबाजी में न पकाएं. टमाटर अच्छी तरह गलने और मसालों के भुनने के बाद ही अंडे डालें. साथ ही अंडे डालने के बाद तेज आंच से बचें. यही छोटी बातें साधारण भुर्जी को ज्यादा स्वादिष्ट और मुलायम बना सकती हैं.



Source link

Write A Comment