आजकल फिटनेस और हाई-प्रोटीन डाइट को फॉलो करने वाले लोग ऐसे खाने की तलाश में रहते हैं जो पोषण से भरपूर होने के साथ स्वादिष्ट भी हो. ऐसे में जापानी स्टाइल एग एंड चिकन सलाद एक शानदार विकल्प साबित हो सकता है. इस सलाद की खास बात यह है कि यह सिर्फ हल्का स्नैक नहीं, बल्कि एक पूरा संतुलित मील है. इसमें चिकन, अंडे, शकरकंद और दही जैसी पौष्टिक चीजें शामिल होती हैं, जो शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करती हैं.
इस सलाद की एक सर्विंग में लगभग 390 कैलोरी, 42 ग्राम प्रोटीन, 15 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 20 ग्राम फैट होता है. यही वजह है कि इसे जिम जाने वाले लोग, वेट मैनेजमेंट करने वाले या हाई-प्रोटीन डाइट लेने वाले लोग अपनी मील प्लानिंग में शामिल कर सकते हैं.
इस रेसिपी में चिकन ब्रेस्ट को हल्के तेल में पकाया जाता है, जबकि उबले अंडे, शकरकंद और खीरा इसे स्वाद और पोषण दोनों देते हैं. वहीं ग्रीक योगर्ट, थोड़ा-सा मेयोनीज़, डिजॉन मस्टर्ड, शहद और नींबू के रस से तैयार ड्रेसिंग इसका स्वाद और भी खास बना देती है. आखिर में ऊपर से चिली ऑयल और हरा धनिया या स्प्रिंग अनियन डालने से इसका फ्लेवर और बेहतर हो जाता है.
सामग्री
400 ग्राम चिकन ब्रेस्ट (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
4 उबले अंडे
150 ग्राम उबला हुआ शकरकंद
1 खीरा (स्लाइस में कटा हुआ)
4 बड़े चम्मच ग्रीक योगर्ट
1½ बड़ा चम्मच मेयोनीज़
1½ छोटा चम्मच डिजॉन मस्टर्ड
1½ छोटा चम्मच शहद
आधे नींबू का रस
जरूरत के अनुसार थोड़ा स्किम्ड दूध
स्वादानुसार नमक और काली मिर्च
1½ छोटा चम्मच चिली ऑयल
हरा धनिया या स्प्रिंग अनियन
थोड़ा-सा तेल
बनाने का तरीका
सबसे पहले चिकन के टुकड़ों में नमक और काली मिर्च मिलाकर पैन या एयर फ्रायर में हल्का सुनहरा होने तक पका लें. अब एक बाउल में ग्रीक योगर्ट, मेयोनीज़, डिजॉन मस्टर्ड, शहद, नींबू का रस, थोड़ा-सा दूध, नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि स्मूद ड्रेसिंग तैयार हो जाए.
अब तीन सर्विंग बाउल में उबले अंडे, खीरे के स्लाइस, उबला हुआ शकरकंद और पका हुआ चिकन बराबर-बराबर बांट दें. ऊपर से तैयार ड्रेसिंग डालें और आखिर में थोड़ा-सा चिली ऑयल डालकर हरा धनिया या स्प्रिंग अनियन से गार्निश करें. चाहें तो इसे कुछ देर फ्रिज में ठंडा करके भी परोस सकते हैं.
अगर आप रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो चुके हैं और स्वाद के साथ हेल्दी विकल्प चाहते हैं, तो यह जापानी स्टाइल एग एंड चिकन सलाद आपकी डाइट का हिस्सा बन सकता है.