कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए एक ऐसी जीत आई है, जिसने पूरे खेल जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारतीय खिलाड़ी ने दुनिया के नंबर-1 और वर्ल्ड आउटडोर चैंपियन को शिकस्त देकर बड़ा उलटफेर कर दिया। यह कमाल किया है असम के 43 साल के लॉन बॉल्स खिलाड़ी पुतुल सोनोवाल ने, जिन्होंने अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स मुकाबले में कनाडा के दिग्गज रयान बेस्टर को हराकर इतिहास रच दिया।
सेक्शन डी के मुकाबले में पुतुल सोनोवाल ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला सेट 5-4 से अपने नाम किया। हालांकि, वर्ल्ड चैंपियन रयान बेस्टर ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए 7-3 से जीत दर्ज की और मुकाबले को टाई-ब्रेकर तक पहुंचा दिया। निर्णायक पलों में भारतीय खिलाड़ी ने गजब का संयम दिखाया और टाई-ब्रेकर जीतकर अगले दौर में जगह बना ली। अब उनका अगला मुकाबला फॉकलैंड आइलैंड्स के सेसिल अलेक्जेंडर से होगा।
यह जीत इसलिए और भी खास मानी जा रही है क्योंकि रयान बेस्टर मौजूदा वर्ल्ड आउटडोर चैंपियन हैं। उनके नाम वर्ल्ड आउटडोर चैंपियनशिप में 7 मेडल दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 2023 में पेरिस में सिंगल्स स्पर्धा में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उनके नाम 2006 में ब्रॉन्ज और 2014 व 2018 में सिल्वर मेडल हैं। वर्ष 2025 में उन्हें पहले वर्ल्ड बॉल्स हॉल ऑफ फेम कैटेगिरी में भी शामिल किया गया था।
कौन हैं पुतुल सोनोवाल?
43 साल के पुतुल सोनोवाल असम के रहने वाले हैं और असम पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 43 साल की उम्र में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया है। इसी साल उन्होंने एशियन लॉन बॉल्स चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
राष्ट्रीय लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में भी उनके नाम पुरुष ट्रिपल्स स्पर्धा का गोल्ड और पुरुष एकल वर्ग का ब्रॉन्ज मेडल दर्ज है। सालों की मेहनत और घरेलू स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अब उन्होंने इंटरनेशनल मंच पर भी अपनी छाप छोड़ दी है। पुतुल की इस ऐतिहासिक जीत पर भारतीय खेल प्राधिकरण यानी SAI ने भी उन्हें बधाई दी। SAI ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पुतुल सोनोवाल ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन रयान बेस्टर को हराकर लॉन बॉल्स में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है और अभियान की शानदार शुरुआत की है।
महिला जोड़ी ने भी दिलाई जीत
लॉन बॉल्स में भारत की महिलाओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की भारतीय जोड़ी ने माल्टा की रेबेका लुईस रिक्सन और कॉनी-ले रिक्सन को रोमांचक टाई-ब्रेकर में हराकर जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने पहला सेट 7-1 से अपने नाम किया, लेकिन माल्टा ने दूसरे सेट में 4-3 से जीत हासिल कर मुकाबले को टाई-ब्रेकर तक पहुंचा दिया। निर्णायक दौर में रूपा और पिंकी ने दबाव में शानदार खेल दिखाया और आखिरी बाउल पर मैच अपने नाम कर लिया। अब उनका अगला मुकाबला साउथ अफ्रीका से होगा।
यह भी पढ़ें:
CWG 2026 में ओपनिंग सेरेमनी से पहले भारत का पहला मेडल हुआ पक्का, लवलीना बोरगोहेन का पदक जीतना हुआ तय
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आज से होगा आगाज, पहले दिन भारत का रहेगा यह शेड्यूल