Chhach Rasam Recipe: गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ी परेशानी होती है शरीर को अंदर से ठंडा और हल्का कैसे रखा जाए. तेज धूप, पसीना और बढ़ता तापमान शरीर की एनर्जी छीन लेता है. ऐसे में लोग भारी खाना खाने से भी बचते हैं क्योंकि ज्यादा मसालेदार चीजें पेट को परेशान कर सकती हैं, अगर आप भी इस चिलचिलाती गर्मी में कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को राहत दे, तो आंध्रा स्टाइल छाछ रसम आपके लिए एक शानदार ऑप्शन बन सकती है. दक्षिण भारत की यह खास डिश हल्की, स्वाद से भरपूर और बेहद आसान होती है. इसे वहां ‘मज्जिगा चारु’ के नाम से भी जाना जाता है.

खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली छाछ, नारियल और करी पत्ता शरीर को ठंडक देने में मदद करते हैं. यही वजह है कि 45 डिग्री तक पहुंचते तापमान में भी लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं. यह पेट को हल्का रखती है और डाइजेशन को भी आराम देती है, अगर आप रोज-रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो चुके हैं, तो यह रेसिपी आपकी थाली में नया स्वाद जोड़ सकती है. सबसे अच्छी बात, इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती.

छाछ रसम बनाने के लिए जरूरी चीजें
-2 कप खट्टी छाछ या पतला दही
-1/2 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
-2 हरी मिर्च
-1 छोटा चम्मच जीरा
-2 लहसुन की कलियां
-1 छोटा बारीक कटा प्याज
-1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
-स्वाद के मुताबिक नमक

तड़के के लिए
-1 बड़ा चम्मच तेल
-1/2 छोटा चम्मच राई
-1/2 छोटा चम्मच जीरा
-1 सूखी लाल मिर्च
-8-10 करी पत्ते
-एक चुटकी हींग

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

ऐसे तैयार करें सीक्रेट मसाला पेस्ट
सबसे पहले मिक्सर जार लें और उसमें ताजा नारियल, हरी मिर्च, जीरा, लहसुन और थोड़ा पानी डाल दें. अब इसे अच्छी तरह पीसकर गाढ़ा और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. यही पेस्ट इस रसम को खास स्वाद देता है. नारियल और लहसुन का फ्लेवर छाछ के साथ मिलकर ऐसा टेस्ट बनाता है जो बेहद अलग और मजेदार लगता है.

छाछ का मिक्चर कैसे बनाएं
अब एक बड़े बर्तन में छाछ या पतला दही डालें. इसमें हल्दी, नमक और तैयार किया गया नारियल वाला पेस्ट मिला दें. इसके बाद इसे अच्छे से फेंट लें ताकि सारी चीजें एकसाथ मिल जाएं. ध्यान रखें कि इसमें गुठलियां न रहें. जितना स्मूद मिक्चर होगा, रसम उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी.

ज्यादा उबालना नहीं है
अब गैस ऑन करें और बर्तन को धीमी आंच पर रखें. इसे लगातार चलाते रहें ताकि छाछ फटे नहीं. करीब पांच से सात मिनट तक हल्का गर्म करें. इस रेसिपी की सबसे खास बात यही है कि इसे कढ़ी की तरह उबाला नहीं जाता. बस इतना गर्म करना होता है कि मसालों का कच्चापन खत्म हो जाए. जैसे ही हल्का धुआं दिखने लगे, गैस बंद कर दें.

तड़का देगा शानदार स्वाद
अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. इसमें राई और जीरा डालें. जब राई चटकने लगे तब सूखी लाल मिर्च और हींग डाल दें. इसके बाद करी पत्ता और बारीक कटा प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भून लें. यह तड़का पूरी रसम का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. अब इस गर्म तड़के को तुरंत छाछ वाले मिक्चर में डाल दें और बर्तन को दो मिनट के लिए ढक दें. ऐसा करने से तड़के की खुशबू पूरी रसम में अच्छी तरह मिल जाती है.

इस तरह करें सर्व
छाछ रसम को गर्म चावल के साथ परोसा जाता है. चाहें तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया भी डाल सकते हैं. कई लोग इसे सूप की तरह भी पीना पसंद करते हैं. गर्मियों में यह पेट को भारी नहीं लगती और खाने के बाद आलस भी महसूस नहीं होता.

गर्मियों में क्यों फायदेमंद मानी जाती है यह डिश
इस रेसिपी में ज्यादा तेल और भारी मसालों का इस्तेमाल नहीं होता. छाछ शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है, वहीं नारियल ठंडक देने का काम करता है. करी पत्ता और जीरा डाइजेशन को बेहतर रखते हैं. यही वजह है कि तेज गर्मी में यह डिश शरीर को आराम देने का काम करती है. अगर आपको गर्मियों में भूख कम लगती है या पेट में जलन महसूस होती है, तो यह हल्की रसम आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकती है. स्वाद, सेहत और ठंडक का ऐसा कॉम्बिनेशन कम ही देखने को मिलता है.



Source link

Write A Comment