Last Updated:
Muzaffarpur Famous Gupta Ji Lassi: मुजफ्फरपुर की मशहूर गुप्ता जी की लस्सी 1970 से खास आकर्षण का केंद्र है. गुप्ता जी की लस्सी की शुरुआत वर्ष 1970 में स्वर्गीय मोहन प्रसाद ने की थी. मूल रूप से पटना जिले के मनेर के रहने वाले मोहन प्रसाद मुजफ्फरपुर आए और यहीं बस गए. लस्सी की खासियत तीन परतों में सजाया जाता है. 1970 में 75 पैसे ग्लास से इसकी शुरुआत हुई थी. आज 85 रुपया ग्लास यह बिक रही है. तीन पीढ़ियों के बाद भी इसका स्वाद आज बरकरार है. जानिए इसकी खासियत और लोकेशन.
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर शहर की पहचान केवल शाही लीची से ही नहीं है. यहां पारंपरिक स्वाद भी बरकरार है. यह स्वाद जो पीढ़ियों से लोगों के दिलों और जुबान पर राज कर रहा है. ऐसा ही एक नाम है गुप्ता जी की लस्सी. जिसका स्वाद पिछले 56 वर्षों से लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. धर्मशाला स्थित संतोषी माता मंदिर के सामने मौजूद यह दुकान आज भी शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. अगर आप मुजफ्फरपुर जा रहे हैं तो एक बार गुप्ता जी लस्सी का स्वाद जरूर चखें. जानें उनके लस्सी की खासियत.
जिले के प्रसिद्ध दुकान में से एक, तीसरी पीढ़ी चखा रही स्वाद
गुप्ता जी की लस्सी की शुरुआत वर्ष 1970 में स्वर्गीय मोहन प्रसाद ने की थी. मूल रूप से पटना जिले के मनेर के रहने वाले मोहन प्रसाद मुजफ्फरपुर आए और यहीं बस गए. उन्होंने अपनी मेहनत और खास स्वाद के दम पर लस्सी को ऐसी पहचान दिलाई कि देखते ही देखते यह दुकान शहर की प्रसिद्ध दुकानों में शामिल हो गई. समय के साथ इस पुश्तैनी कारोबार की जिम्मेदारी उनके बेटों जितेंद्र प्रसाद गुप्ता और संतोष कुमार गुप्ता ने संभाली. अब तीसरी पीढ़ी भी इस व्यवसाय से जुड़ चुकी है. पारंपरिक स्वाद को उसी गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ा रही है. यही वजह है कि वर्षों बाद भी ग्राहकों का भरोसा इस दुकान पर कायम है.
जानिए लस्सी की खासियत
इस लस्सी की सबसे बड़ी खासियत इसकी अनोखी तैयारी है. इसे दही, चीनी, खोआ और काजू जैसी गुणवत्तापूर्ण सामग्री से तैयार किया जाता है. लस्सी को तीन परतों में सजाया जाता है. सबसे नीचे घर के दूध से तैयार किया गया ताजा दही, उसके ऊपर खोआ और सबसे ऊपर काजू की परत डाली जाती है. यह विशेष तरीका इसे सामान्य लस्सी से अलग बनाता है. ग्राहकों को एक अलग स्वाद का अनुभव देता है.
75 पैसे से शुरू हुई थी कीमत, आज 85 रुपये ग्लास
दुकानदार संतोष कुमार गुप्ता के अनुसार जब इस लस्सी की शुरुआत हुई थी. तब इसकी कीमत मात्र 75 पैसे थी. समय के साथ महंगाई बढ़ी और लागत में इजाफा हुआ, लेकिन स्वाद और गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं किया गया. वर्तमान में एक गिलास लस्सी की कीमत 85 रुपये है, फिर भी इसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है.
गर्मी के मौसम में यहां ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ती है. कई लोग दुकान पर बैठकर लस्सी का आनंद लेते हैं, जबकि कई इसे पैक कराकर अपने घर और रिश्तेदारों के लिए ले जाते हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें