Last Updated:
रोजाना इस्तेमाल होने वाली हल्दी सिर्फ एक ही प्रकार की नहीं होती. पीली हल्दी के अलावा काली, सफेद, कस्तूरी, लकाडोंग और अचारी हल्दी जैसी कई किस्में भी मौजूद हैं, जिनकी अपनी अलग पहचान और उपयोग हैं. आइए जानते हैं हल्दी के इन खास प्रकारों के बारे में…
हल्दी 6 तरह के होते हैं.
हल्दी भारतीय रसोई का ऐसा मसाला है, जिसके बिना कई व्यंजन अधूरे माने जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हल्दी सिर्फ एक प्रकार की नहीं होती? भारत में हल्दी की कई किस्में पाई जाती हैं, जिनका रंग, स्वाद, खुशबू और उपयोग एक-दूसरे से काफी अलग होता है. कुछ हल्दी खाने में इस्तेमाल होती हैं, कुछ स्किनकेयर में और कुछ अपनी खास औषधीय विशेषताओं के लिए जानी जाती हैं.
आइए जानते हैं हल्दी की 6 प्रमुख किस्मों के बारे में…
सामान्य पीली हल्दी (General Yellow Turmeric)
यह सबसे ज्यादा इस्तेमाल की जाने वाली हल्दी है. इसका वैज्ञानिक नाम Curcuma longa है. बाजार में मिलने वाला अधिकांश हल्दी पाउडर इसी से तैयार किया जाता है. इसमें करक्यूमिन नामक यौगिक पाया जाता है, जो इसे पीला रंग देता है. भारतीय रसोई, आयुर्वेद और घरेलू नुस्खों में इसका सबसे ज्यादा उपयोग होता है.
काली हल्दी (Black Turmeric)
काली हल्दी देखने में सामान्य हल्दी से बिल्कुल अलग होती है. इसका बाहरी भाग गहरा भूरा और अंदर का हिस्सा नीले-काले रंग का हो सकता है. इसकी खुशबू कपूर जैसी बताई जाती है. यह भारत के मध्य और पूर्वी हिस्सों में पाई जाती है. काली हल्दी काफी दुर्लभ मानी जाती है और इसकी खेती भी सीमित क्षेत्रों में होती है.
कस्तूरी हल्दी या अंबा हल्दी (Kasturi / Amba Turmeric)
कस्तूरी हल्दी को सुंदरता से जुड़े उपयोगों के लिए जाना जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सामान्य हल्दी की तरह गहरा पीला दाग नहीं पड़ता. यही वजह है कि इसे उबटन, फेस पैक और पारंपरिक स्किनकेयर में इस्तेमाल किया जाता है. इसकी खुशबू भी सामान्य हल्दी से अधिक सुगंधित होती है.
सफेद हल्दी (White Turmeric / Ban Haldi)
सफेद हल्दी का रंग अंदर से क्रीम या सफेद होता है. इसका स्वाद हल्का तीखा और अदरक जैसा माना जाता है. कई जगहों पर इसका उपयोग अचार, हर्बल पेय और पारंपरिक व्यंजनों में किया जाता है. यह सामान्य पीली हल्दी की तुलना में कम लोकप्रिय है, लेकिन कई क्षेत्रों में इसकी अच्छी मांग रहती है.
लकाडोंग हल्दी (Lakadong Turmeric)
लकाडोंग हल्दी मेघालय के जयंतिया हिल्स क्षेत्र में उगाई जाती है. इसे दुनिया की बेहतरीन हल्दी किस्मों में गिना जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसमें मौजूद करक्यूमिन की अधिक मात्रा है, जो सामान्य हल्दी की तुलना में काफी ज्यादा हो सकती है. इसी कारण यह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी लोकप्रिय है.
अचारी हल्दी (Aachari Turmeric)
अचारी हल्दी का स्वाद और सुगंध सामान्य हल्दी से अलग होती है. इसका उपयोग खासतौर पर अचार बनाने में किया जाता है. इसकी बनावट और फ्लेवर के कारण कई क्षेत्रों में इसे मसाले के रूप में अलग पहचान मिली हुई है.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें