Mango Storage Tips: गर्मियों का नाम आते ही सबसे पहले जिस फल की याद आती है, वह है आम. इसकी मिठास, खुशबू और स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. चाहे मैंगो शेक हो, आमरस हो, स्मूदी हो या फिर सीधे कटे हुए आम, हर रूप में यह फल लोगों का पसंदीदा बना रहता है, लेकिन परेशानी तब होती है जब आम का सीजन खत्म हो जाता है और अगले कई महीनों तक इसका स्वाद नहीं मिल पाता. ऐसे में आम प्रेमी अक्सर सोचते हैं कि क्या कोई ऐसा तरीका है जिससे आम को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके.
अच्छी बात यह है कि अब इसका आसान समाधान मौजूद है. मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट ‘सौम्या की रसोई’ ने एक ऐसा आसान स्टोरेज तरीका बताया है, जिसकी मदद से कटे हुए आम को 6 से 8 महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है, अगर यह तरीका सही ढंग से अपनाया जाए तो आम का स्वाद, रंग और टेक्सचर काफी हद तक बरकरार रहता है. आइए जानते हैं इस आसान किचन हैक के बारे में विस्तार से.
सबसे पहले चुनें सही आम
लंबे समय तक स्टोर करने के लिए आम का चुनाव बेहद अहम है. ऐसे आम चुनें जो पूरी तरह पके हुए हों, लेकिन बहुत ज्यादा नरम या गले हुए न हों. हल्के सख्त और मीठे आम फ्रीज करने के लिए सबसे अच्छे माने जाते हैं, अगर आम पहले से खराब होने लगे हैं तो उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखना मुश्किल हो सकता है.
अच्छी तरह धोकर सुखाएं
आम खरीदने के बाद उन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद एक सूखे और साफ कपड़े से पोंछ लें. यह ध्यान रखना जरूरी है कि आम पर किसी भी तरह की नमी न रह जाए, अगर नमी रह जाती है तो फ्रीजिंग के दौरान बर्फ ज्यादा जम सकती है, जिससे फल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.
छिलका हटाकर स्लाइस तैयार करें
जब आम पूरी तरह सूख जाएं तो उनका छिलका उतार लें. इसके बाद गूदे को अपनी पसंद के अनुसार लंबे या चौकोर टुकड़ों में काट लें. कोशिश करें कि सभी स्लाइस लगभग एक जैसे आकार के हों. इससे वे समान रूप से फ्रीज होंगे और बाद में इस्तेमाल करना भी आसान रहेगा.
ट्रे में अलग-अलग फैलाएं
अब एक साफ ट्रे या बड़ी प्लेट लें और कटे हुए आम के टुकड़ों को थोड़ी दूरी पर फैलाकर रखें. ध्यान रखें कि कोई भी स्लाइस दूसरे के ऊपर न हो, अगर टुकड़े आपस में चिपक जाएंगे तो बाद में उन्हें अलग करना मुश्किल हो सकता है. इसके बाद पूरी ट्रे को साफ पॉलीथिन या फूड-ग्रेड रैप से ढक दें. इससे आम पर सीधे बर्फ नहीं जमेगी और उसका स्वाद बेहतर बना रहेगा.
फ्रीजर में करें फ्लैश फ्रीज
ट्रे को सीधे फ्रीजर में रख दें और कम से कम 4 से 5 घंटे या पूरी रात के लिए छोड़ दें. इस दौरान आम के टुकड़े पूरी तरह जम जाएंगे. इस प्रक्रिया को फ्लैश फ्रीजिंग कहा जाता है. फ्लैश फ्रीजिंग का फायदा यह है कि आम के स्लाइस अलग-अलग जमते हैं और बाद में एक बड़े ढेले की तरह नहीं चिपकते. इससे जरूरत पड़ने पर जितने टुकड़े चाहिए, उतने ही निकाले जा सकते हैं.
एयरटाइट बैग में करें स्टोर
जब आम के स्लाइस पूरी तरह जम जाएं तो उन्हें ट्रे से निकालकर ज़िप-लॉक बैग या एयरटाइट कंटेनर में डाल दें. बैग बंद करने से पहले उसमें मौजूद हवा को जितना हो सके बाहर निकाल दें. हवा कम रहने से आइस क्रिस्टल्स बनने की संभावना घट जाती है और आम लंबे समय तक बेहतर स्थिति में रहता है. बैग को अच्छी तरह सील करने के बाद दोबारा फ्रीजर में रख दें.
6 से 8 महीने तक ऐसे रहेगा सुरक्षित
अगर यह पूरी प्रक्रिया सही तरीके से की जाए तो आम के स्लाइस 6 से 8 महीने तक सुरक्षित रह सकते हैं. इस दौरान आप जब चाहें मैंगो शेक, स्मूदी, आइसक्रीम, आमरस या दूसरी कई रेसिपी में इनका इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि बार-बार फ्रीजर से निकालकर वापस रखने से बचें. जितनी मात्रा चाहिए उतने ही स्लाइस निकालें और बाकी को तुरंत फ्रीजर में रख दें. इस्तेमाल से पहले स्लाइस को करीब 5 मिनट सामान्य तापमान पर रखें, फिर सीधे मिक्सर या रेसिपी में इस्तेमाल करें.
क्या इस तरीके से स्वाद बना रहता है?
फ्रीज किए गए आम का स्वाद ताजे आम जैसा पूरी तरह नहीं होता, लेकिन सही स्टोरेज के साथ उसकी मिठास और फ्लेवर काफी हद तक बरकरार रहता है. यही वजह है कि आजकल कई लोग सीजन में ज्यादा मात्रा में आम खरीदकर इसी तरीके से स्टोर कर लेते हैं ताकि पूरे साल अपने पसंदीदा फल का आनंद उठा सकें.