Last Updated:
गर्मी में हर किसी को ठंडा पीने का मन करता है ताकि पेट ठंडा रहे और रिलैक्स महसुस कर सके. इस मौसम में लस्सी और मट्ठे का सेवन अधिक होता है. इसे देसी तरीके से बनाया जाए तो स्वाद जबरदस्त होता है, इसलिए अनुपात से दही और पानी मिलाकर घर पर गाढ़ी लस्सी और हल्का मट्ठा बनाया जा सकता है.
लस्सी और मट्ठा बनाने का देसी तरीका.
गर्मी का मौसम आते ही घरों में ठंडी और ताजगी देने वाली चीजों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे समय में मट्ठा और लस्सी सबसे पसंदीदा पारंपरिक पेयों में गिने जाते हैं. ये न सिर्फ शरीर को ठंडक देते हैं, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं. हालांकि कई लोग घर पर लस्सी या मट्ठा बनाते हैं, लेकिन अक्सर स्वाद वैसा नहीं आता जैसा ढाबे, देसी दुकान या बाजार में मिलता है. इसकी सबसे बड़ी वजह सही सामग्री का सही अनुपात न होना है.
असल में स्वादिष्ट मट्ठा और लस्सी बनाने का राज सिर्फ दही में नहीं, बल्कि दही और पानी के सही संतुलन में छिपा होता है. अगर इन दो चीजों का अनुपात ठीक रखा जाए, तो घर पर भी इतना शानदार स्वाद तैयार हो सकता है कि बाजार वाला भी फीका लगने लगे. पुराने समय में गांवों में यही तरीका अपनाया जाता था, जहां मथनी से दही फेंटकर गाढ़ी लस्सी और हल्का मट्ठा तैयार किया जाता था.
लस्सी बनाने का सही अनुपात
अगर आप गाढ़ी, मलाईदार और स्वादिष्ट लस्सी बनाना चाहते हैं, तो 1 कप ताजा दही में आधा से ¾ कप ठंडा पानी मिलाएं. इससे लस्सी न ज्यादा पतली होगी और न ही जरूरत से ज्यादा भारी लगेगी. दही को पहले अच्छे से फेंटें, फिर धीरे-धीरे पानी मिलाएं. अगर मीठी लस्सी बनानी है, तो इसमें चीनी, मिश्री या गुड़ मिला सकते हैं. ऊपर से थोड़ी इलायची पाउडर और बर्फ डाल दें. चाहें तो मलाई या ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं.
मट्ठा बनाने का देसी तरीका
मट्ठा लस्सी से हल्का और ज्यादा पाचक माना जाता है. इसे बनाने के लिए 1 कप दही में 2 से 3 कप ठंडा पानी मिलाएं. अच्छे से मथें, ताकि दही पूरी तरह घुल जाए और झागदार पेय तैयार हो जाए. अब इसमें स्वाद के लिए काला नमक, भुना जीरा पाउडर, बारीक कटा हरा धनिया, पुदीना और थोड़ी काली मिर्च डाल सकते हैं. इससे मट्ठा बेहद स्वादिष्ट और ताजगी भरा बनता है.
बाजार जैसा स्वाद कैसे लाएं
अगर घर की लस्सी या मट्ठा फीका लगता है, तो कुछ छोटे टिप्स अपनाएं. हमेशा ताजा और हल्का खट्टा दही इस्तेमाल करें. दही जितना अच्छा होगा, स्वाद उतना बेहतर आएगा. मिश्रण को मिक्सर की जगह मथनी या व्हिस्क से फेंटें, इससे देसी स्वाद आता है. मीठी लस्सी में गुलाबजल की 1-2 बूंदें डाल सकते हैं. नमकीन मट्ठे में तड़का लगाकर भी नया स्वाद दिया जा सकता है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें