Last Updated:
Chhola Khasta Recipe/ Street Food of Ayodhya / Ram Mandir News/ Recipe of Chhola Khasta: अयोध्या के नाम पर ज्यादातर लोगों के मन में राम मंदिर ही आता है, लेकिन आस्था की ये नगरी और भी कई चीज़ों के लिए मशहूर है जिसमें से एक है यहां का खानपान. यहां के स्ट्रीट फूड्स इतने लाजवाब हैं कि एक बार इन्हें चख लिया तो कभी नहीं भूलेंगे इसका स्वाद.
अयोध्या: अयोध्या की पावन धरती जहां एक ओर आध्यात्मिक आस्था का केंद्र है, वहीं दूसरी ओर यहां का पारंपरिक जायका भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है. इन्हीं स्वादों में एक खास नाम है सरयू का छोला खस्ता, जो न केवल स्थानीय बल्कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी बेहद लोकप्रिय है. सुबह के समय इस प्रसिद्ध नाश्ते के लिए लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं. जो इसकी लोकप्रियता को भी दर्शाता है. करीब 40 सालों से एक ही स्थान पर लगने वाली यह दुकान अपने स्वाद और शुद्धता के लिए जानी जाती है. यहां छोला खस्ता पूरी तरह सात्विक तरीके से बनाया जाता है यानी इसमें लहसुन और प्याज का इस्तेमाल नहीं होता.
यही वजह है कि मंदिरों में दर्शन के बाद श्रद्धालु इस नाश्ते को प्रसाद स्वरूप ग्रहण करना पसंद करते हैं. अपने दिन की शुरुआत इसी स्वादिष्ट व्यंजन से करते हैं. अब बात करते हैं इसकी रेसिपी की जो इसे खास बनाती है. सरयू स्वीट्स के प्रोपराइटर ने बताया कि छोले बनाने के लिए सबसे पहले काबुली चने को रात भर भिगोया जाता है. अगले दिन इसे हल्के मसालों जैसे हींग, जीरा, धनिया पाउडर, हल्दी और स्वादानुसार नमक के साथ उबाला जाता है. इसमें खासतौर पर देसी मसालों का संतुलित उपयोग किया जाता है. इससे इसका स्वाद सादा, लेकिन बेहद लाजवाब बनता है. टमाटर का हल्का प्रयोग किया जाता है, जिससे छोले में हल्की खटास और रंगत आती है.
खस्ता तैयार करने के लिए मैदा में थोड़ी सी सूजी, नमक और घी मिलाकर सख्त आटा गूंथा जाता है. इसके बाद छोटी-छोटी पूरियों के आकार में बेलकर इन्हें धीमी आंच पर कुरकुरा होने तक तला जाता है. यही खस्ता जब गर्मागरम छोले के साथ परोसा जाता है. इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. परोसते समय इसमें ऊपर से हरी मिर्च, धनिया पत्ती और हल्के मसाले डाले जाते हैं. इससे इसकी खुशबू और आकर्षण और बढ़ जाता है. कुछ लोग इसके साथ अचार या हरी चटनी भी पसंद करते हैं.
अयोध्या का यह छोला खस्ता सिर्फ एक नाश्ता नहीं बल्कि यहां की परंपरा और सादगी का प्रतीक है. सात्विकता स्वाद और वर्षों की विश्वसनीयता ने इसे एक खास पहचान दिलाई है. जिसे एक बार चखने वाला व्यक्ति शायद ही कभी भूल पाता है. इस खस्ते की दुकान राज सदन हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित है जहां सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें