आज हर घर में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल होता है. दरअसल, कड़ाही, भगोने, हांडी की तुलना में कोई भी चीज कुकर में जल्दी बन जाता है. काफी लोगों के पास इतना समय नहीं होता है कि वे घंटों बैठकर किचन में खाना बनाते रहें. ऐसे में लोग कुकर का ही इस्तेमाल अधिक करते हैं. लेकिन, प्रेशर कुकर यदि बहुत पुराना हो गया हो, गास्केट खराब हो, सीटी जाम हो, तो ये खतरनाक भी साबित हो सकता है. अक्सर कुकर ब्लास्ट के मामले सामने आते रहते हैं, जिनमें गंभीर चोटें और कभी-कभी जान का नुकसान भी हो जाता है. इस हादसों के पीछे अक्सर हमारी छोटी-छोटी गलतियां ही जिम्मेदार होती हैं. जानिए किन कारणों और लापरवाहियों से बम की तरह फट सकता है प्रेशर कुकर और क्या बरतें सावधानियां.
किन लापरवाहियों से कुकर में होता है ब्लास्ट
1. सेफ्टी वाल्व और गैसकेट की अनदेखी- कई बार कुकर का सेफ्टी वॉल्व और रबर खराब हो जाता है. गैसकेट ढीला हो जाता है, बावजूद इसके लोग कुकर में इसे लगाते हैं. अगर वाल्व जाम हो जाए या खराब हो जाए, तो कुकर के अंदर का दबाव बाहर नहीं निकल पाता. ढीला या पुराना रबर भी प्रेशर को सही तरीके से नियंत्रित नहीं कर पाता. इससे प्रेशर कुकर के अंदर दबाव बढ़ता जाता है और इसमें ब्लास्ट हो जाता है.
बचाव के उपाय
समय-समय पर वाल्व और गैसकेट को चेक करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत बदल दें.
2. कुछ लोग छोटे कुकर का इस्तेमाल करते हैं और इसमें चावल, दाल पकाने के लिए अधिक पानी डाल देते हैं, साइज छोटी होने के बावजूद कुकर को मुंह तक भर देते हैं. खाद्य पदार्थों को ज्यादा भरने पर वाल्व ब्लॉक हो जाता है. इससे भाप सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाता है. इससे कुकर में दबाव खतरनाक स्तर तक पहुंच जाता है.
बचाव के उपाय
कुकर को अधिकतम 2/3 तक ही भरें. झाग बनने वाले खाद्य पदार्थों को और कम मात्रा में रखें.
3. कई बार कुकर की सीटी में भोजन के कण फंस जाते हैं. काफी लोग कुकर की सीटी को साफ ही नहीं करते हैं. ऐसे में लगातार गंदगी फंसने से सीटी नहीं पकड़ती है. इसका नतीजा ये है कि प्रेशर रिलीज नहीं होता और कुकर फट सकता है.
बचाव के उपाय
हर इस्तेमाल के बाद सीटी के वेंट पाइप को अच्छी तरह साफ करें.
4. कुछ लोग नॉनवेज, सब्जी, दाल, चावल में इतना कम पानी डालकर बनाते हैं कि वे जल्दी सूख जाता है. कुकर में पर्याप्त पानी न डालना बेहद खतरनाक हो सकता है. पानी कम होने पर खाना तो जलता ही है, अंदर अत्यधिक गर्मी पैदा होती है. इससे कुकर ओवरहीट होकर ब्लास्ट हो सकता है.
बचाव के उपाय
आप जो भी चीज बना रहे हैं, उसी अनुसार कुकर में पानी डालें.
5. पुराने कुकर को बदल दें. कुछ लोग सालों एक ही कुकर का इस्तेमाल करते हैं. दाल चावल बनाते समय पानी बाहर फेकता है, सीटी सही से नहीं पकड़ता तो इसे बदलना ही बेहतर है. बॉडी में क्रैक, ढक्कन ढीला होना या लॉक सिस्टम खराब होना बेहद खतरनाक है. पुराना प्रेशर कुकर ज्यादा दबाव नहीं सहन कर पाता, जिससे ये फट सकता है.
बचाव के उपाय
समय-समय पर कुकर की जांच करें. जरूरत पड़ने पर नया कुकर अच्छी कंपनी का खरीदें.