Soft Bhature Tips: छोले भटूरे का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है. खासकर दिल्ली के मशहूर भटूरे, जो बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से इतने सॉफ्ट होते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाते हैं. लेकिन जब वही भटूरे घर पर बनाने की कोशिश की जाती है, तो अक्सर वह या तो सख्त बन जाते हैं या फिर ठीक से फूलते ही नहीं हैं. कई लोग इसे तेल या बेलने की गलती समझते हैं, लेकिन असल राज तो आटा गूंथने के तरीके में छिपा होता है. अगर आटा सही तरीके से तैयार किया जाए, तो भटूरे अपने आप गुब्बारे की तरह फूलते हैं. सही सामग्री, सही टेक्निक और थोड़ा सा धैर्य आपको वही बाजार वाला रिजल्ट दे सकता है. आज हम आपको ऐसे आसान और काम के तरीके बता रहे हैं, जिनसे आप घर पर ही परफेक्ट भटूरे बना सकते हैं.

सही सामग्री से करें शुरुआत
भटूरे का आटा तैयार करने के लिए सबसे पहले मैदा लेना जरूरी है. इसमें थोड़ा नमक और एक चुटकी चीनी मिलाएं. चीनी डालने से भटूरे का रंग अच्छा आता है और खमीर जल्दी एक्टिव होता है. इसके साथ थोड़ा सा तेल भी मिलाना चाहिए, जिससे आटा ज्यादा सॉफ्ट बनता है और भटूरे तलते समय फटते नहीं हैं.

सूजी का सही इस्तेमाल देगा परफेक्ट टेक्सचर
भटूरे के टेक्सचर में सूजी का बहुत बड़ा रोल होता है. अगर आप मुलायम और सॉफ्ट भटूरे चाहते हैं, तो सूजी को पहले पानी में भिगोकर आटे में मिलाएं. इससे आटा ज्यादा नरम बनता है. वहीं अगर आपको हल्का क्रिस्पी टेक्सचर पसंद है, तो सूखी सूजी सीधे आटे में डाल सकते हैं. यह छोटी सी ट्रिक भटूरे के स्वाद और बनावट दोनों को बदल देती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या

धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

खमीर वाला तरीका देगा असली बाजार जैसा स्वाद
अगर आपके पास समय है, तो खमीर वाला तरीका सबसे बेहतर माना जाता है. इसमें खमीर को हल्के गुनगुने पानी में डालकर एक्टिव किया जाता है और फिर आटे में मिलाया जाता है. इसके बाद आटे को अच्छे से गूंथकर कम से कम डेढ़ घंटे के लिए ढककर रख दें. इस दौरान आटा फूलता है और उसमें हल्की जाली बनती है, जिससे भटूरे तलते समय अच्छे से फूलते हैं.

दही वाला तरीका जब समय कम हो
अगर आप जल्दी में हैं या खमीर उपलब्ध नहीं है, तो दही वाला तरीका अपनाया जा सकता है. इसमें पानी की जगह दही डालकर आटा गूंथा जाता है. दही आटे में हल्की खटास लाता है और खमीर जैसा असर देता है. इस तरीके में केवल 40 से 45 मिनट का रेस्टिंग टाइम काफी होता है.

आटा गूंथने की सही टेक्निक
सिर्फ सामग्री डाल देना ही काफी नहीं होता, आटा गूंथने की टेक्निक भी उतनी ही जरूरी है. आटे को बार बार हाथ से पटकते हुए गूंथना चाहिए. इससे उसमें ग्लूटेन बनता है और आटा ज्यादा इलास्टिक हो जाता है. यही इलास्टिकिटी भटूरे को तलते समय फुलने में मदद करती है. गूंथने के बाद आटे के ऊपर हल्का तेल लगाकर ढक दें ताकि वह सूखे नहीं.

भटूरे तलने का सही तरीका
जब आटा तैयार हो जाए, तो उसकी छोटी छोटी लोइयां बनाएं और हल्का बेल लें. ध्यान रखें कि भटूरे ज्यादा पतले या ज्यादा मोटे न हों. तेल को अच्छे से गरम करें और भटूरे डालते ही उस पर हल्का सा गर्म तेल डालें. इससे भटूरा तुरंत फूल जाएगा और गुब्बारे जैसा बन जाएगा.

परफेक्ट सर्विंग के लिए जरूरी टिप्स
तैयार भटूरों को गरमा गरम छोले, अचार और प्याज के साथ सर्व करें. आप चाहें तो इसके साथ लस्सी भी ले सकते हैं. यह कॉम्बिनेशन स्वाद को और भी खास बना देता है.



Source link

Write A Comment