Last Updated:
Shahi Paneer at Home: शाही पनीर का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है. यह एक ऐसी डिश है जिसे खास मौकों, त्योहारों या मेहमानों के स्वागत के लिए बनाया जाता है. हालांकि, कई बार घर पर शाही पनीर बनाते समय स्वाद वैसा नहीं आ पाता जैसा रेस्टोरेंट में मिलता है. इसकी सबसे बड़ी वजह टमाटर की खटास होती है, जो पूरी ग्रेवी का स्वाद बिगाड़ देती है. कोडरमा की गृहिणी राधिका प्रजापति ने बताया कि अगर कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो घर पर भी बेहद स्वादिष्ट और क्रीमी शाही पनीर तैयार किया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि टमाटर की खटास को संतुलित करने के लिए किचन में मौजूद साधारण चीजें जैसे चीनी या शहद का इस्तेमाल बेहद कारगर साबित होता है. इससे न सिर्फ खट्टापन कम होता है बल्कि डिश का स्वाद भी शाही बन जाता है. उन्होंने बताया कि सबसे पहले टमाटर, प्याज और हरी मिर्च को काट लें और काजू के साथ धीमी आंच पर हल्का भून लें.
इसके बाद इन्हें ठंडा करके मिक्सर में पीसकर एक स्मूद पेस्ट तैयार करें. यह पेस्ट ही शाही पनीर की ग्रेवी का बेस होता है. अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. इसके बाद कटा हुआ प्याज, शिमला मिर्च, थोड़ी सी मटर और कसूरी मेथी डालकर अच्छे से भूनें.
जब सब्जियां हल्की सुनहरी हो जाएं, तब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर एक मिनट तक पकाएं. इससे डिश में खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ते हैं. उन्होंने बताया कि इसके बाद तैयार किया गया टमाटर-काजू का पेस्ट कढ़ाई में डाल दें और इसे अच्छे से मिलाएं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब इसमें स्वादानुसार नमक, हल्दी और पनीर मसाला डालकर धीमी आंच पर पकाएं. जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें दो चम्मच दही डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें. उन्होंने बताया कि जब ग्रेवी पूरी तरह पक जाए, तब इसमें कटे हुए पनीर के टुकड़े डालें. अब सबसे अहम स्टेप आता है टमाटर की खटास को संतुलित करना.
इसके लिए चुटकी भर चीनी इसमें मिलाने से ग्रेवी का स्वाद संतुलित हो जाता है और हल्की मिठास शाही पनीर को और भी लाजवाब बना देती है. उन्होंने कहा कि अंत में इस डिश को धीमी आंच पर 5 से 10 मिनट तक पकाएं ताकि सभी फ्लेवर अच्छे से मिल जाएं. तैयार शाही पनीर को हरे धनिया से सजाकर गरमागरम परोसें.