Last Updated:
Mini Mirch Pakoda Recipe: मिनी मिर्च पकोड़े एक यूनिक और सुपर क्रिस्पी स्नैक हैं. डबल फ्राई करने से इनका टेक्सचर काफी कुरकुरा बनता है. सही बेसन का घोल और कम तीखी मिर्च का चुनाव जरूरी है. खास मसाला इस रेसिपी का सबसे बड़ा फ्लेवर देता है. चाय के साथ यह स्नैक खाने में बेहद मजेदार लगता है.
डबल फ्राई पकोड़ा
Mini Mirch Pakoda Recipe: सर्दियों और बारिश के मौसम में गरमागरम पकोड़े खाने का मजा ही कुछ और होता है. आमतौर पर हम बड़े-बड़े मिर्च के पकौड़े बनाकर खाते हैं, लेकिन कई बार वही स्वाद दोहराने से बोरियत होने लगती है. अगर आप भी कुछ नया, चटपटा और एक्स्ट्रा क्रिस्पी ट्राई करना चाहते हैं, तो यह मिनी मिर्च पकोड़ा रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है. इसमें मिर्च को पहले तलकर फिर छोटे टुकड़ों में काटकर दोबारा फ्राई किया जाता है, जिससे इसका हर बाइट सुपर कुरकुरा बनता है. ऊपर से डाला गया खास मसाला इसे इतना टेस्टी बना देता है कि एक बार खाने के बाद आप बार-बार यही रेसिपी बनाना चाहेंगे. यह स्नैक घर के छोटे-बड़े सभी लोगों को पसंद आता है और चाय के साथ तो इसका मजा दोगुना हो जाता है.
बेसन का घोल सही बनाना है पहला स्टेप
इस रेसिपी की शुरुआत होती है एक परफेक्ट बेसन के घोल से. एक बाउल में बेसन लें और उसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और एक चुटकी बेकिंग पाउडर डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए मीडियम गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल ना ज्यादा पतला हो और ना बहुत गाढ़ा. सही कंसिस्टेंसी से ही पकोड़े क्रिस्पी और फूले हुए बनते हैं.
सही मिर्च का चुनाव बेहद जरूरी
मिनी मिर्च पकोड़े बनाने के लिए हमेशा मोटी और कम तीखी मिर्च का इस्तेमाल करें. बहुत ज्यादा तीखी मिर्च इस रेसिपी का मजा खराब कर सकती है. इन मिर्चों को अच्छे से धोकर सुखा लें और फिर तैयार बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबो दें ताकि उन पर बराबर कोटिंग हो जाए.
पहली बार फ्राई करना
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और बेसन में लिपटी हुई मिर्चों को मीडियम आंच पर तलें. इन्हें तब तक फ्राई करें जब तक कि बाहरी परत हल्की सुनहरी न हो जाए. इस स्टेप में मिर्च पूरी तरह नहीं पकती, बस बेसन की लेयर सेट हो जाती है. फ्राई होने के बाद इन्हें प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें.
छोटे टुकड़ों में काटने का ट्रिक
जब मिर्च थोड़ी ठंडी हो जाएं, तो इन्हें चाकू से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. आप इन्हें गोल या तिरछे किसी भी शेप में काट सकते हैं. यही स्टेप इस रेसिपी को खास बनाता है, क्योंकि इससे मिर्च अंदर तक कुरकुरी हो पाती है.
दोबारा फ्राई करने से आएगा असली क्रंच
अब तेल को फिर से अच्छी तरह गर्म करें और कटे हुए मिर्च के टुकड़ों को दोबारा फ्राई करें. इस बार इन्हें तब तक तलें जब तक ये गहरे सुनहरे और पूरी तरह कुरकुरे न हो जाएं. डबल फ्राई करने से इनका टेक्सचर और स्वाद दोनों शानदार हो जाते हैं.
खास मसाला बनाएगा स्वाद चक भन्नाट
इस रेसिपी की जान है इसका स्पेशल मसाला. एक कटोरी में आमचूर पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, काला नमक और चाट मसाला मिलाएं. गरम-गरम पकोड़ों पर इस मसाले को छिड़कें और हल्का टॉस करें. यह मसाला पकोड़ों को जबरदस्त चटपटा और मजेदार स्वाद देता है.
कैसे करें सर्विंग
इन मिनी मिर्च पकोड़ों को आप गरमागरम चाय, हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं. यह स्नैक पार्टी, गेस्ट या शाम की भूख के लिए एकदम परफेक्ट है. इसका कुरकुरापन और मसालेदार स्वाद हर किसी को पसंद आएगा.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें