Last Updated:
Moong Sprouts Tikki Recipe: अंकुरित मूंग और हरे प्याज की टिक्की एक ऐसा नाश्ता है जो स्वाद और सेहत दोनों का सही मेल है. कम तेल में बनने वाली ये टिक्की वजन कंट्रोल करने और दिनभर एनर्जी बनाए रखने के लिए बढ़िया ऑप्शन है.
मूंग टिक्की रेसिपी
Moong Sprouts Tikki Recipe: सुबह का नाश्ता अगर टेस्टी और हेल्दी दोनों हो जाए, तो दिन अपने आप अच्छा शुरू होता है, लेकिन अक्सर लोग या तो स्वाद के पीछे भागते हैं या फिर सेहत के चक्कर में फीका खाना खा लेते हैं. ऐसे में अगर आपको एक ऐसा ऑप्शन मिल जाए जो दोनों चीजों का सही बैलेंस दे, तो बात ही कुछ और हो जाती है. अंकुरित मूंग और हरे प्याज की टिक्की उसी तरह का एक शानदार नाश्ता है, जो स्वाद में लाजवाब और शरीर के लिए हल्का भी है. इस रेसिपी की खास बात ये है कि इसमें बहुत कम तेल लगता है और इसे बनाना भी काफी आसान है.
अंकुरित मूंग में प्रोटीन भरपूर होता है, जो लंबे समय तक पेट भरा रखता है, वहीं हरा प्याज इसका फ्लेवर और भी बढ़ा देता है, अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं या रोज के नाश्ते में कुछ नया ट्राय करना चाहते हैं, तो ये टिक्की आपके लिए परफेक्ट है. खास बात ये है कि बच्चे हों या बड़े, हर किसी को ये टिक्की पसंद आती है.
कैसे बनाएं अंकुरित मूंग और हरे प्याज की टिक्की
सबसे पहले करीब 1½ कप साबुत मूंग दाल लें और उसे रात भर भिगोकर अंकुरित होने के लिए रख दें. जब मूंग अच्छे से अंकुरित हो जाए, तो उसे मिक्सर में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न हो. अब इस पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकाल लें. इसमें आधा कप बारीक कटा हरा प्याज डालें. इसके साथ 2 चम्मच कटी हरी मिर्च, थोड़ा सा कटा लहसुन और ¼ कप ओट्स का आटा डालें. स्वाद के हिसाब से नमक डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिला लें. अब तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्की बनाएं. आप चाहें तो इन्हें गोल या कटलेट जैसी शेप दे सकते हैं. इससे देखने में भी अच्छा लगेगा और पकाना भी आसान होगा.
एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं. अब टिक्की को तवे पर रखें और मीडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से सेंकें. जब टिक्की सुनहरी और क्रिस्पी हो जाए, तब उसे निकाल लें.
क्यों है ये टिक्की खास?
अंकुरित मूंग में प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती, जो वजन कम करने वालों के लिए काफी फायदेमंद है. वहीं हरा प्याज इसमें हल्की मिठास और ताजगी जोड़ता है. ये टिक्की डायबिटीज वाले लोगों के लिए भी एक अच्छा ऑप्शन मानी जाती है, क्योंकि ये हल्की होती है और शरीर पर ज्यादा बोझ नहीं डालती. सबसे अच्छी बात ये है कि इसमें डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं होती, जिससे ये और भी हेल्दी बन जाती है.
सर्व करने के तरीके
आप इन टिक्कियों को हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ सर्व कर सकते हैं, अगर घर में मेहमान आए हों, तो ये एक शानदार स्नैक बन सकता है. बच्चों के टिफिन में भी इसे आसानी से रखा जा सकता है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें