Dough Storage Tips: रोज की भागदौड़ में समय बचाने के लिए लोग छोटे-छोटे तरीके अपनाते हैं, और उनमें से एक है पहले से आटा गूंथकर फ्रिज में रखना. खासकर कामकाजी लोगों के लिए ये तरीका काफी मददगार लगता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि कुछ घंटों बाद जब वही आटा निकालते हैं, तो उसका रंग बदलकर काला या हल्का ग्रे हो जाता है. ऐसे में मन में सवाल उठता है कि क्या ये आटा खाने लायक है या नहीं, और आखिर ऐसा होता क्यों है. रोटी, फुल्का या चपाती हर घर का जरूरी हिस्सा है, इसलिए आटे की क्वालिटी पर सीधा असर स्वाद और सेहत दोनों पर पड़ता है, अगर आटा सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो उसका रंग, खुशबू और टेक्सचर सब बदल सकता है.
अच्छी बात ये है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर आप इस परेशानी से बच सकते हैं. इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि आटा काला क्यों पड़ता है और इसे लंबे समय तक फ्रेश रखने के आसान और काम के टिप्स क्या हैं.
गूंथा हुआ आटा काला क्यों पड़ जाता है?
जब आटा गूंथकर फ्रिज में रखा जाता है, तो वो हवा और नमी के संपर्क में आता है, अगर आटा ठीक से ढका न हो, तो उसकी ऊपरी सतह सूखने लगती है और धीरे-धीरे उसका रंग बदलने लगता है. इसके अलावा एक और वजह होती है ऑक्सीकरण. यानी हवा के संपर्क में आने से आटे के अंदर के तत्व रिएक्ट करने लगते हैं, जिससे रंग काला या ग्रे दिखने लगता है. साथ ही अगर आटा ज्यादा समय तक रखा रहे, तो उसमें हल्की बदबू भी आने लगती है, जो साफ संकेत है कि अब उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
आटे को फ्रेश रखने के आसान तरीके
अगर आप चाहते हैं कि आटा लंबे समय तक सही बना रहे, तो इन बातों का ध्यान रखें. आटे को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखें, गूंथने के बाद उस पर हल्का सा तेल या घी लगा दें, आटे को क्लिंग रैप या साफ कपड़े से अच्छे से ढकें, कोशिश करें कि आटे में हवा न जाए, आटा कम मात्रा में ही गूंथें, ताकि जल्दी इस्तेमाल हो सके. ये छोटे-छोटे स्टेप्स आटे को सूखने और काला पड़ने से बचाते हैं.
आटा गूंथते समय ये गलती न करें
कई बार गलती स्टोर करने में नहीं, बल्कि गूंथने में होती है, अगर आप बहुत ज्यादा पानी डाल देते हैं, तो आटा जल्दी खराब हो सकता है. वहीं अगर आटा बहुत सख्त है, तो रोटियां अच्छी नहीं बनतीं.
हमेशा ध्यान रखें
गुनगुने पानी से आटा गूंथें, पानी धीरे-धीरे डालें, 5-10 मिनट तक आटा अच्छे से गूंथें, इससे आटा स्मूद बनता है और रोटियां नरम आती हैं.
फ्रिज में आटा कितनी देर तक रखना सही है?
आटे को ज्यादा लंबे समय तक स्टोर करना सही नहीं होता. कोशिश करें कि 24 घंटे के अंदर उसका इस्तेमाल कर लें.
अगर आपको ये संकेत दिखें, तो आटा इस्तेमाल न करें
अजीब सी बदबू आना, रंग बहुत ज्यादा बदल जाना, आटा चिपचिपा लगना, ऐसे आटे से बनी रोटी स्वाद और सेहत दोनों के लिए ठीक नहीं होती.
हमेशा फ्रेश आटा ही बेहतर
अगर मुमकिन हो, तो उतना ही आटा गूंथें जितना आपको उसी वक्त चाहिए. इससे ना सिर्फ रोटी ज्यादा स्वादिष्ट बनेगी, बल्कि सेहत भी बेहतर रहेगी.