Last Updated:
Amjhora Recipe: गर्मी में अमिया के सेवन से बहुत से फायदे मिलते हैं और लोग अलग-अलग रेसिपी में इसे इस्तेमाल करते हैं. इसी क्रम में अमझोरा यानी आम का चटनी भी बनती है. इससे खाने का स्वाद तो बढ़ता ही है साथ ही लू भी नहीं लगती. जानते हैं बनाने की आसान रेसिपी.
देवघर. गर्मी का मौसम आते ही शरीर को ठंडक देने वाले खानपान की जरूरत बढ़ जाती है. ऐसे में कुछ साग-सब्जियां और देसी व्यंजन हमारे लिए किसी दवा से कम नहीं होते. खासकर बिहार और झारखंड में गर्मी से राहत पाने के लिए पारंपरिक तरीके आज भी खूब अपनाए जाते हैं. इन्हीं में से एक है कच्चे आम से बनने वाली खास चटनी, जिसे देवघर और आसपास के इलाकों में ‘अमझोरा’ कहा जाता है. यह न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा रखने में भी काफी मददगार मानी जाती है.
आमझोरा खाने से पेट रहता है ठंडा
आम की तासीर ठंडी होती है, इसलिए गर्मी के दिनों में इसका सेवन बेहद फायदेमंद होता है. जब लू चलती है और पेट में जलन या भारीपन महसूस होता है, तब अमझोरा एक नेचुरल कूलेंट की तरह काम करता है. इसे खाने से शरीर को तुरंत राहत मिलती है और पाचन भी बेहतर होता है. यही कारण है कि गांवों में आज भी लोग इसे नियमित रूप से अपने भोजन में शामिल करते हैं. खास बात यह है कि यह स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन संतुलन है.
चावल या रोटी, दोनों के साथ गजब स्वाद
अमझोरा सिर्फ एक चटनी नहीं, बल्कि एक परंपरा है जो पीढ़ियों से चली आ रही है. घरों में इसे बड़े चाव से बनाया जाता है और परिवार के सभी सदस्य इसे पसंद करते हैं. चाहे दोपहर का खाना हो या रात का, इसे चावल या रोटी के साथ खाया जाता है. कई लोग इसे हल्के सूप की तरह भी पीते हैं, जिससे शरीर में ठंडक बनी रहती है और गर्मी का असर कम होता है.
जानिए खास रेसिपी, महज 10 मिनट में होता है तैयार
अमझोरा बनाने के लिए सबसे पहले तीन चार कच्चे आम लें और उन्हें धोकर कुकर में पानी के साथ डाल दें, फिर एक या दो सीटी आने तक उबाल लें. इसके बाद आम को निकालकर ठंडा होने दें, फिर उसका छिलका और बीज हटाकर गूदा अलग बर्तन में रख लें. अब इसमें स्वाद के अनुसार पुदीना पत्ता, भुना हुआ धनिया, 1–2 सूखी लाल मिर्च डालें और अच्छे से मिक्स कर लें.
चाहें तो इसमें थोड़ा गुड़ या चीनी मिलाकर हल्की मिठास भी दे सकते हैं. अंत में देवघर की खासियत के अनुसार इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल डालें, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. इस तरह आपका स्वादिष्ट अमझोरा महज 10 मिनट में तैयार हो जाता है.
गर्मी में देवघर में हर रोज इस चटनी का लोग करते हैं सेवन
गर्मी के दिनों में जब तेज धूप और लू से बचना मुश्किल हो जाता है, तब अमझोरा जैसे देसी उपाय बहुत काम आते हैं. यह न सिर्फ शरीर को ठंडा रखता है, बल्कि आपको दिनभर तरोताजा भी बनाए रखता है. अगर आप भी इस बार गर्मी में कुछ आसान, स्वादिष्ट और हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो अमझोरा जरूर ट्राई करें. यह आपके खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ आपकी सेहत का भी पूरा ध्यान रखेगा.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें