Plastic Chutney Recipe: खाने के बाद कुछ मीठा और थोड़ा खट्टा मिल जाए, तो पूरा भोजन जैसे यादगार बन जाता है. खासकर भारतीय घरों में, जहां हर डिश के पीछे एक कहानी होती है, वहां ऐसी चटनियों का अलग ही महत्व है. पश्चिम बंगाल की मशहूर “प्लास्टिक चटनी” भी ऐसी ही एक खास रेसिपी है, जो देखने में जितनी अलग लगती है, स्वाद में उससे कहीं ज्यादा दिलचस्प होती है. पहली बार सुनने पर इसका नाम थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन जब ये प्लेट में आती है, तो इसकी चमक और ट्रांसपेरेंसी ही इसे खास बनाती है.
कच्चे पपीते से बनने वाली ये चटनी खाने के अंत में परोसी जाती है और मुंह का स्वाद बदल देती है. त्योहार हो या घर की साधारण दावत, ये चटनी हर मौके को खास बना देती है.
क्या है प्लास्टिक चटनी की खासियत
प्लास्टिक चटनी का नाम सुनकर लोग अक्सर कंफ्यूज हो जाते हैं, लेकिन असल में इसका प्लास्टिक से कोई लेना-देना नहीं है. इसका नाम इसलिए पड़ा क्योंकि जब कच्चे पपीते को पतले स्लाइस में काटकर पकाया जाता है, तो वो पारदर्शी और चमकदार दिखने लगता है, बिल्कुल प्लास्टिक जैसा. इस चटनी का स्वाद मीठा, हल्का खट्टा और थोड़ा मसालेदार होता है. बंगाली खाने में इसे अंत में परोसा जाता है, ताकि खाने के बाद एक फ्रेश और मीठा एहसास रहे.
प्लास्टिक चटनी बनाने के लिए सामग्री
कच्चा पपीता -1 कप (पतले स्लाइस या लंबी स्ट्रिप्स में कटा हुआ)
चीनी -1/2 कप (स्वाद अनुसार)
पानी -1 कप
नींबू का रस -1 छोटा चम्मच
नमक -एक चुटकी
काली मिर्च पाउडर -1/4 छोटा चम्मच
किशमिश -1 छोटा चम्मच
घर पर कैसे बनाएं प्लास्टिक चटनी
1. पपीता तैयार करना
सबसे पहले कच्चे पपीते को धोकर उसका छिलका हटा लें. फिर उसे बहुत पतले और लंबे स्लाइस में काटें. ध्यान रखें कि स्लाइस जितने पतले होंगे, चटनी उतनी ही सुंदर और ट्रांसपेरेंट बनेगी. यही इसका सबसे अहम स्टेप है.
2. हल्का उबाल देना
अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें कटे हुए पपीते के टुकड़े डालें. इन्हें करीब 5-7 मिनट तक उबालें, ताकि ये हल्के नरम हो जाएं. ज्यादा उबालने से टुकड़े टूट सकते हैं, इसलिए टाइम का ध्यान रखें.
3. चाशनी तैयार करना
अब एक अलग बर्तन में पानी और चीनी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. धीरे-धीरे चीनी घुलने लगेगी और एक हल्की चाशनी तैयार होगी. चाशनी न बहुत गाढ़ी होनी चाहिए, न बहुत पतली.
4. पपीता मिलाना
उबले हुए पपीते को इस चाशनी में डाल दें और धीमी आंच पर 5-10 मिनट तक पकाएं. इस दौरान पपीता चाशनी को अच्छे से सोख लेता है और उसका रंग भी बदलने लगता है.
5. फ्लेवर जोड़ना
अब इसमें नमक, काली मिर्च पाउडर, नींबू का रस और किशमिश डालें. ये सभी चीजें मिलकर चटनी को एक बैलेंस्ड स्वाद देती हैं, जहां मीठा और खट्टा एक साथ महसूस होता है.
6. सही टेक्सचर तक पकाना
थोड़ी देर और पकाएं जब तक पपीते के टुकड़े हल्के पारदर्शी और चमकदार न दिखने लगें. यही इसका सिग्नेचर लुक है, जो इसे बाकी चटनियों से अलग बनाता है.
7. ठंडा करके परोसना
गैस बंद करें और चटनी को पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडी होने के बाद इसका स्वाद और भी बेहतर लगता है. इसे खाने के अंत में परोसें.
घरों में क्यों पसंद की जाती है ये चटनी
आजकल लोग नए-नए फ्लेवर ट्राय करना पसंद करते हैं, लेकिन पारंपरिक रेसिपीज का अपना अलग ही चार्म होता है. प्लास्टिक चटनी उन रेसिपीज में से एक है जो कम सामग्री में भी शानदार स्वाद देती है. कई घरों में इसे त्योहारों जैसे दुर्गा पूजा या खास पारिवारिक आयोजनों में जरूर बनाया जाता है. बच्चों से लेकर बड़ों तक, इसका मीठा-खट्टा स्वाद हर किसी को पसंद आता है.
छोटे-छोटे टिप्स जो स्वाद बढ़ा देंगे
अगर आप चटनी को और खास बनाना चाहते हैं, तो उसमें थोड़ा सा अदरक का रस भी डाल सकते हैं. इससे स्वाद में हल्की सी तीखापन आ जाता है. साथ ही, अगर आपको ज्यादा खट्टा पसंद है, तो नींबू का रस थोड़ा बढ़ा सकते हैं.