Last Updated:
Aloo Dum Dahi Bada Recipe: उड़ीसा का मशहूर स्ट्रीट फूड आलू दम दही बड़ा, कटक और भुवनेश्वर में बेहद पसंद किया जाता है. बोकारो के सेक्टर 4 में प्रियदर्शी परेरा ने इसे बनाने की थ्री स्टेप रेसिपी साझा की. इस डिश में दही बड़े के अलावा आलू और मटर की घुघनी भी डाली जाती है.
बोकारो. उड़ीसा का मशहूर स्ट्रीट फूड आलू दम दही बड़ा देशभर में काफी पसंद किया जाता है और इस डिश के बड़े-बड़े सेलिब्रिटी शेफ भी दीवाने हैं. इस डिश की खासियत है कि इसका खट्टा-मीठा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों सभी को खूब भाता है. ऐसे में बोकारो के सेक्टर 4 की प्रियदर्शी परेरा ने इस खास डिश की आसान रेसिपी साझा की है. उन्होंने बताया कि यह कटक और भुवनेश्वर में आलू दम दही बड़ा बहुत प्रसिद्ध है और गर्मियों के मौसम में इसे बड़े चाव से खाया जाता है. ऐसे में हर कोई इसे अपने घर में तीन स्टेप में आसानी से तैयार कर सकता है.
ये सामग्री चाहिए होगी
आलू दम दही बड़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री में जैसे उबले हुए आलू, मटर, टमाटर, दही, उड़द दाल, तेल, नमक, हरी चटनी की जरूरत पड़ती है. आलू दम दही बड़ा बनाने के लिए सबसे पहले उड़द दाल को रातभर भिगोकर रखें. सुबह इसे मिक्सर में पीस लें और लगभग आधे घंटे तक हल्का फर्मेंट होने दें. अब कढ़ाई में तेल गर्म करें और छोटे-छोटे बड़े बनाकर सुनहरा होने तक तल लें. फिर तले हुए बड़ों को गुनगुने पानी में डालें.
फिर दही बड़ों को निकालकर फेंटे हुए दही में भिगो दें. दूसरे स्टेप में आलू दम तैयार करने के लिए कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें बारीक अदरक-मिर्च का पेस्ट डालकर भूनें. फिर इसमें कटे हुए टमाटर और थोड़ा पानी डालकर पकाएं, जिससे टमाटर की ग्रेवी तैयार हो जाए. फिर ऊपर से उबले हुए आलू डालकर मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाएं और कुछ देर पकने दें, जिससे आलू दम तैयार हो जाएगा.
इसके बाद घुघनी की बारी
आखिरी चरण में मटर की घुघनी तैयार करने के लिए एक कुकर या कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें पिसा टमाटर, अदरक-मिर्च पेस्ट डालकर भूनें और मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जब सब भुन जाए तो पहले से उबली सफेद मटर इसमें डालें, गर्म पानी डालें और हल्की झोलदार सब्जी तैयार कर लें.
अब आती है प्लेटिंग की बारी
आलू दम दही बड़ा की प्लेटिंग के लिए सबसे पहले एक प्लेट में दही बड़ा लें और ऊपर से आलू दम यानी रसे वाली आलू की थोड़ी सी सब्जी डालें, फिर मटर की घुघनी डालें. इसके ऊपर जरा सा दही डालें और हरी चटनी सबसे ऊपर डाल दें. अब कटे प्याज, नाइलोन सेव, पिसी लाल मिर्च, काला नमक, हरी धनिया-मिर्च, भुना जीरा डालकर सर्व करें. बस उड़ीसा का फेमस आलू दम दही बड़ा तैयार है. इसका स्वाद आपको बेहद पसंद आएगा.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें