Aam Papad Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही हर घर में आम की खुशबू फैलने लगती है. कोई मैंगो शेक बनाता है, कोई आमरस, तो कोई ठंडा पन्ना पीकर मौसम का मजा लेता है, लेकिन अगर बात बचपन के सबसे पसंदीदा स्वाद की करें, तो आम पापड़ का नाम सबसे ऊपर आता है. खट्टा-मीठा स्वाद, हल्की चटपटी खुशबू और चबाकर खाने का मजा इसे खास बना देता है. बाजार में मिलने वाला आम पापड़ स्वादिष्ट जरूर होता है, मगर उसमें अक्सर ज्यादा चीनी और कई बार लंबे समय तक सुरक्षित रखने वाली चीजें मिली होती हैं. ऐसे में घर पर बना आम पापड़ बेहतर विकल्प बन जाता है.

अच्छी बात ये है कि इसे बनाना उतना मुश्किल नहीं जितना लोग सोचते हैं. बस सही आम, थोड़ा धैर्य और आसान तरीका अपनाकर आप घर पर ऐसा आम पापड़ बना सकते हैं जो स्वाद में बाजार को भी पीछे छोड़ दे. बच्चे भी इसे खुशी से खाएंगे और बड़े भी इसकी तारीफ करेंगे.

आम पापड़ बनाने के लिए जरूरी चीजें
-पके आम – 800 ग्राम
-चीनी – आधा कप
-काला नमक – 1 से 2 चम्मच
-चाट मसाला – 1 चम्मच
-घी – ट्रे ग्रीस करने के लिए

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट आम पापड़
1. आम तैयार करें
सबसे पहले आमों को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद छिलका हटाकर गूदा निकाल लें. कोशिश करें कि मीठे और अच्छे पके आम लें, ताकि स्वाद बेहतरीन आए.

2. प्यूरी बनाएं
निकाले गए गूदे को मिक्सर में डालें और बिल्कुल स्मूद प्यूरी बना लें. ध्यान रखें कि इसमें रेशे या गांठ न रहें, क्योंकि इससे आम पापड़ की परत अच्छी बनेगी.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. प्यूरी पकाएं
अब इस प्यूरी को कढ़ाई में डालकर धीमी आंच पर पकाना शुरू करें. इसमें चीनी डालें और लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण नीचे चिपके नहीं. करीब 10 से 15 मिनट तक पकाने पर मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा.

4. स्वाद बढ़ाएं
जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तब इसमें काला नमक और चाट मसाला डाल दें. इससे आम पापड़ का स्वाद खट्टा-मीठा और चटपटा हो जाएगा.

5. ट्रे में फैलाएं
अब गैस बंद करें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. एक प्लेट या ट्रे लें और उस पर हल्का घी लगाकर ग्रीस कर लें. फिर मिश्रण को पतली परत में फैलाएं.

6. धूप में सुखाएं
ट्रे को धूप में रख दें. जब एक साइड सूख जाए तो इसे पलटकर दूसरी तरफ भी सुखाएं. पूरी तरह सूखने पर इसे मनचाहे आकार में काट लें.

घर का आम पापड़ क्यों है बेहतर
घर पर बना आम पापड़ सबसे बड़ी बात ये है कि इसमें आप सब कुछ अपनी पसंद से डालते हैं. चीनी कम रखनी है तो कम रखें, ज्यादा चटपटा चाहिए तो मसाला बढ़ा सकते हैं. इसमें किसी तरह की बेकार चीजें नहीं होतीं. बच्चों के लिए भी यह अच्छा स्नैक बन सकता है.

आम पापड़ बनाते समय ध्यान रखें
-आम ज्यादा खट्टे न हों
-प्यूरी अच्छी तरह पकाएं
-परत बहुत मोटी न रखें
-तेज धूप में सुखाएं
-एयरटाइट डिब्बे में रखें

स्टोर कैसे करें
जब आम पापड़ पूरी तरह सूख जाए, तब इसे बटर पेपर में लपेटकर डिब्बे में रखें. इससे यह लंबे समय तक सही रहता है. फ्रिज में रखने पर और ज्यादा दिनों तक चल सकता है.

बच्चों को क्यों पसंद आएगा
बच्चों को मीठा और चबाकर खाने वाली चीजें पसंद होती हैं. आम पापड़ दोनों चीजों का मजेदार मेल है. ऊपर से इसमें आम का असली स्वाद होता है, इसलिए बच्चे बार-बार मांगेंगे.



Source link

Write A Comment