Last Updated:

गर्मियों में घर पर बिना प्रिजर्वेटिव आम पापड़ बनाना बहुत आसान है. उबले आम के गूदे में चीनी या गुड़, इलायची और नींबू मिलाकर पकाएं, फिर धूप में सुखाकर स्वादिष्ट और हेल्दी स्नैक तैयार करें.

ख़बरें फटाफट

Zoom

गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में आम की खुशबू हर तरफ फैल जाती है. कच्चे और पके आम से बनने वाले कई स्वादिष्ट व्यंजन इस मौसम को और खास बना देते हैं. इन्हीं में से एक है आम पापड़, जिसे बच्चे हों या बड़े, सभी चटकारे लेकर खाते हैं. खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है और इसमें किसी तरह के प्रिज़र्वेटिव की जरूरत नहीं होती. अगर आप भी बाजार जैसा शुद्ध और स्वादिष्ट आम पापड़ घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है.

गांव की रसोई से लेकर शहर के किचन तक, आम पापड़ हमेशा से ही लोगों की पसंद रहा है. एक समय था जब दादी-नानी इसे धूप में सुखाकर बड़े प्यार से तैयार करती थीं और साल भर बच्चों को देती थीं. आज भी वही स्वाद और यादें इस रेसिपी में जिंदा हो जाती हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छे से धोकर उबाल लें या प्रेशर कुकर में पका लें. जब आम नरम हो जाएं, तो उनका गूदा निकालकर अच्छे से मैश कर लें ताकि कोई गुठली या रेशा न रहे.

अब इस आम के गूदे में स्वाद के अनुसार चीनी मिलाएं. आप चाहें तो गुड़ का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी देसी और हेल्दी हो जाता है. इसके बाद इसमें थोड़ा सा इलायची पाउडर डालें, जो इसकी खुशबू को और बढ़ा देगा. अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा नींबू का रस भी मिला सकते हैं ताकि इसका स्वाद हल्का खट्टा-मीठा हो जाए. अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक यह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए.

जब मिश्रण अच्छे से पक जाए और गाढ़ा पेस्ट बन जाए, तब इसे एक साफ प्लास्टिक शीट या घी लगी थाली में फैला दें. इसे बराबर मोटाई में फैलाना जरूरी है ताकि यह अच्छे से सूख सके. अब इसे धूप में रख दें और 2 से 3 दिन तक अच्छे से सूखने दें. जब यह पूरी तरह सूख जाए, तो इसे मनचाहे आकार में काट लें.

आपका घर का बना शुद्ध आम पापड़ तैयार है. इसका स्वाद इतना बेहतरीन होता है कि एक बार खाने के बाद हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा. बच्चे टिफिन में भी इसे खुशी से खाएंगे और बड़े भी इसे स्नैक की तरह एंजॉय करेंगे. यह न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि हेल्दी भी होता है क्योंकि इसमें कोई केमिकल या प्रिज़र्वेटिव नहीं डाला जाता.

About the Author

Vividha SinghSub Editor

विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें



Source link

Write A Comment