Last Updated:
Natural Mango Ripening: आप केमिकल से दूर रहकर आम का असली स्वाद लेना चाहते हैं, तो ये देसी तरीके सबसे बेहतर हैं. भूसा, अखबार या टोकरा जैसे आसान जुगाड़ से आम सुरक्षित और मीठे पकते हैं. अगली बार इन तरीकों को जरूर आजमाएं.
घर पर आम कैसे पकाएं?
Natural Mango Ripening: गर्मी आते ही आम का इंतजार हर किसी को रहता है. बाजार में ढेरों आम दिखते हैं, लेकिन सच ये है कि उनमें से कई आम जल्दी पकाने के लिए केमिकल का सहारा लेते हैं. ऐसे आम दिखने में तो अच्छे लगते हैं, लेकिन स्वाद में वो बात नहीं होती और सेहत पर भी असर पड़ सकता है. अब सवाल ये उठता है कि क्या बिना केमिकल के भी आम को सही तरीके से पकाया जा सकता है? जवाब है-बिल्कुल हां. हमारे घरों और गांवों में सालों से ऐसे आसान देसी तरीके अपनाए जाते रहे हैं, जिनसे आम धीरे-धीरे पकते हैं और उनका असली स्वाद भी बरकरार रहता है.
इन तरीकों की खास बात ये है कि इनमें किसी तरह का नुकसान नहीं होता, बल्कि आम की खुशबू और मिठास और भी बढ़ जाती है, अगर आप भी घर पर सुरक्षित और स्वाद से भरपूर आम खाना चाहते हैं, तो ये देसी तरीके आपके बहुत काम आने वाले हैं.
1. सूखे पत्ते और भूसे से पकाने का तरीका
यह तरीका गांवों में सबसे ज्यादा अपनाया जाता है. सबसे पहले ध्यान रखें कि आम कहीं से कटे या खराब न हों. अब आम को साफ करके सूखे पत्तों से ढक दें और फिर उन्हें भूसे के बीच रख दें. भूसा अंदर हल्की गर्मी बनाए रखता है और आम धीरे-धीरे पकने लगते हैं. इस तरीके में 3 से 5 दिन लगते हैं, लेकिन आम का स्वाद बेहद मीठा और खुशबूदार हो जाता है.
2. पुराने अखबार का आसान जुगाड़
अगर आपके पास भूसा या पत्ते नहीं हैं, तो पुराने अखबार का तरीका काफी काम का है. आम को अखबार में हल्के से लपेट लें और किसी गर्म जगह पर रख दें, जैसे किचन का कोना. अखबार अंदर की गर्मी को बनाए रखता है, जिससे आम अपने आप पकने लगते हैं. 3-4 दिन में आम अच्छे से पक जाते हैं. ध्यान रखें कि आम को बहुत टाइट न लपेटें.
3. कैरेट या टोकरा वाला तरीका
अगर आपके पास ज्यादा आम हैं, तो उन्हें एक टोकरा या कैरेट में रखना बेहतर रहेगा. नीचे पेपर बिछाएं, फिर आम रखें और ऊपर से भी पेपर से ढक दें. इससे आम एक जैसी गर्मी में रहते हैं और बराबर पकते हैं. इस तरीके से आम न ज्यादा जल्दी सड़ते हैं और न ही कच्चे रह जाते हैं.
4. भूसे में दबाकर पकाने का देसी तरीका
यह सबसे पुराना और भरोसेमंद तरीका माना जाता है. इसमें आम को पूरी तरह भूसे में दबा दिया जाता है. भूसा अंदर बनने वाली गैस को बाहर नहीं जाने देता, जिससे आम जल्दी और नेचुरल तरीके से पकते हैं. इस तरीके से आम का स्वाद बहुत ज्यादा मीठा और खुशबूदार होता है.
इन बातों का रखें ध्यान
हमेशा सही और बिना खराब आम ही चुनें, बहुत ज्यादा गर्म जगह पर आम न रखें, रोज एक बार आम जरूर चेक करें, पकने के बाद फ्रिज में रख सकते हैं.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें