Haryanvi Ragda Thandai : गर्मियों का मौसम आते ही शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले देसी पेय पदार्थों की याद आने लगती है. खासकर नौतपा और हीटवेव के दौरान जब तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच जाता है, तब सिर्फ पानी पीना काफी नहीं होता. ऐसे में हरियाणा की पारंपरिक “रगड़ा ठंडाई” शरीर को अंदर से ठंडक देने का बेहतरीन तरीका मानी जाती है. यह ड्रिंक स्वाद में जितनी लाजवाब होती है, उतनी ही सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है. गांवों में लोग आज भी दोपहर की तपती गर्मी से बचने के लिए इस खास ठंडाई को पीना पसंद करते हैं.

रगड़ा ठंडाई का नाम सुनते ही बहुत से लोगों को लगता है कि इसे बनाना मुश्किल होगा, लेकिन असल में यह बेहद आसान और घर में मौजूद चीजों से तैयार होने वाली रेसिपी है. इसमें सौंफ, काली मिर्च, बादाम, खसखस, तरबूज के बीज और गुलाब जैसी ठंडी तासीर वाली चीजों का इस्तेमाल किया जाता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती हैं.

रगड़ा ठंडाई बनाने के लिए जरूरी सामग्री-

2 बड़े चम्मच सौंफ

1 बड़ा चम्मच खसखस

10-12 बादाम

1 बड़ा चम्मच तरबूज के बीज

5-6 काली मिर्च

2 बड़े चम्मच चीनी या मिश्री

गुलाब की सूखी पंखुड़ियां

2 गिलास ठंडा दूध बर्फ के टुकड़े

थोड़ा सा इलायची पाउडर

ऐसे तैयार करें हरियाणवी रगड़ा ठंडाई-
सबसे पहले बादाम, सौंफ, खसखस, तरबूज के बीज और काली मिर्च को करीब 3-4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इससे सभी चीजें नरम हो जाएंगी और उनका स्वाद भी अच्छी तरह निकलकर आएगा. अब इन सभी चीजों को पानी से निकालकर मिक्सर में डालें और साथ में मिश्री या चीनी मिलाकर बारीक पेस्ट तैयार कर लें.

इसके बाद इस पेस्ट को ठंडे दूध में अच्छी तरह मिलाएं. अब इसमें इलायची पाउडर और गुलाब की पंखुड़ियां डाल दें. चाहें तो इसे छलनी से छान सकते हैं ताकि ड्रिंक बिल्कुल स्मूद बन जाए. आखिर में बर्फ डालकर इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें.

क्यों खास है यह देसी ड्रिंक?
रगड़ा ठंडाई सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि शरीर को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए भी जानी जाती है. सौंफ पेट को ठंडक देती है, जबकि खसखस और तरबूज के बीज शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते. बादाम शरीर को ऊर्जा देते हैं और काली मिर्च पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है.

गर्मियों में बार-बार चाय, कॉफी या कोल्ड ड्रिंक पीने की बजाय अगर आप इस तरह की देसी ठंडाई को अपनी डाइट में शामिल करें, तो शरीर लंबे समय तक तरोताजा महसूस कर सकता है. खास बात यह है कि इसमें किसी तरह का प्रिजर्वेटिव या आर्टिफिशियल फ्लेवर नहीं होता, इसलिए यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए बेहतर विकल्प बन सकती है.

अगर आप भी इस भीषण गर्मी में कुछ हेल्दी, टेस्टी और पारंपरिक ट्राई करना चाहते हैं, तो हरियाणवी रगड़ा ठंडाई जरूर बनाकर देखें. एक गिलास ठंडी रगड़ा ठंडाई गर्म हवाओं के बीच भी राहत का एहसास दिला सकती है.



Source link

Write A Comment