Last Updated:
अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो मुगलसराय स्टाइल एग रोल एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. प्रोटीन से भरपूर यह रोल बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है और घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. आइए जानते है इसकी आसान रेसिपी…
अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी हो, तो इस बार मुगलसराय स्टाइल एग रोल जरूर ट्राई करें. अंडे से भरपूर यह रोल प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आता है.
खास बात यह है कि गर्मी की छुट्टियों में जब बच्चे बार-बार बाहर का फास्ट फूड खाने की जिद करते हैं, तब आप घर पर ही बाजार जैसा टेस्टी एग रोल आसानी से तैयार कर सकते हैं. इसका स्वाद बिल्कुल स्ट्रीट फूड जैसा होता है, लेकिन घर में बनने के कारण यह ज्यादा साफ-सुथरा और हेल्दी भी रहता है.
मुगलसराय स्टाइल एग रोल अपने खास मसालेदार स्वाद और मुलायम पराठे के लिए काफी मशहूर है. सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम की हल्की भूख के लिए यह एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकता है. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और कम सामग्री में यह झटपट तैयार हो जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस स्वादिष्ट रोल को बनाने के लिए सबसे पहले आटा, मैदा, चीनी और नमक को एक बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. इसके बाद हल्का पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. तैयार आटे को कुछ देर ढककर रख दें, ताकि पराठा मुलायम बने. अब इसकी बड़ी-बड़ी लोइयां बना लें और उन्हें हल्का मोटा बेल लें.
अब गैस पर तवा गर्म करें और बेला हुआ पराठा तवे पर डाल दें. हल्के तेल की मदद से इसे दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें. पराठा अच्छी तरह सिकने के बाद उसे अलग रख दें. इसके बाद एक कटोरी में दो अंडे फोड़ लें और उसमें स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह फेंट लें.
अब उसी तवे पर थोड़ा तेल डालें और अंडे का मिश्रण फैला दें. तुरंत उसके ऊपर तैयार पराठा रख दें, ताकि अंडा पराठे में अच्छी तरह चिपक जाए. कुछ सेकेंड बाद इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें. जब पराठा और अंडा दोनों अच्छी तरह पक जाएं, तब इसे प्लेट में निकाल लें.
अब इसके ऊपर बारीक कटा प्याज, खीरा और हरी मिर्च डालें. इसके बाद चाट मसाला, काली मिर्च और थोड़ा नींबू का रस छिड़कें. स्वाद को और मजेदार बनाने के लिए इसमें टोमैटो केचअप और चिली सॉस भी डालें. अब इसे अच्छे से रोल कर लें. तैयार है गर्मा गरम मुगलसराय स्टाइल एग रोल.
इसका मसालेदार और चटपटा स्वाद बच्चों को बेहद पसंद आएगा. अगर चाहें तो इसमें पनीर, चिकन या ज्यादा सब्जियां डालकर इसे और भी हेल्दी बनाया जा सकता है. घर पर बना यह रोल न सिर्फ स्वाद में शानदार होता है, बल्कि बाहर मिलने वाले फास्ट फूड की तुलना में ज्यादा सुरक्षित और पौष्टिक भी माना जाता है.