Last Updated:
Kesar Seviyan Recipe: नाग पंचमी का त्योहार आस्था और पूजा-पाठ के साथ घर में बनने वाले खास पकवानों के लिए भी जाना जाता है. इस खास दिन अगर आप परिवार के लिए कोई आसान और स्वादिष्ट मिठाई बनाना चाहते हैं, तो केसर वाली सेवई बेहतरीन विकल्प हो सकती है. दूध, सेवई, केसर और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह मिठाई कम समय में बन जाती है और इसकी खुशबू व स्वाद त्योहार की मिठास को और बढ़ा देते हैं.
नाग पंचमी का त्योहार हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है. इस दिन भगवान शिव और नाग देवता की पूजा-अर्चना की जाती है. घरों में पूजा के साथ कई तरह के पकवान और मिठाइयां भी बनाई जाती है. अगर आप भी नाग पंचमी के मौके पर परिवार के लिए कुछ स्वादिष्ट और आसानी से तैयार होने वाली मिठाई बनाना चाहते है तो केसर वाली सेवई एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. दूध, सेवई, केसर और मेवों से तैयार होने वाली यह मिठाई स्वाद में बेहद लाजवाब होती है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है.
दरअसल रायबरेली जिले के एसबीवीपी इंटर कॉलेज के गृह विज्ञान के प्रवक्ता अरुण कुमार सिंह (एम ए बीएड लखनऊ विश्वविद्यालय) लोकल 18 से बात करते हुए बताते हैं कि केसर वाली सेवई बनाने के लिए आपको एक लीटर फुल क्रीम दूध, करीब 100 ग्राम सेवई, 5-6 चम्मच चीनी, 8-10 केसर के धागे, 2 चम्मच घी, 8-10 बादाम, 8-10 काजू, 8-10 पिस्ता और 3-4 छोटी इलायची की जरूरत होगी. चाहें तो स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए थोड़ी सी गुलाब की पंखुड़ियां या गुलाब जल भी इस्तेमाल कर सकते है.
सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही लें और उसमें दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करे. दूध को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह तली में चिपके नही. अब एक छोटी कटोरी में थोड़ा गुनगुना दूध लें और उसमें केसर के धागे डालकर कुछ मिनट के लिए भिगो दे. इससे केसर का रंग और खुशबू अच्छी तरह दूध में आ जाएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके बाद दूसरी कड़ाही में दो चम्मच घी गर्म करे. इसमें सेवई डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूने. ध्यान रखें कि सेवई ज्यादा न जलें, वरना इसका स्वाद कड़वा हो सकता है. सेवई हल्की सुनहरी हो जाए तो इसे गर्म दूध में डाल दे. अब सेवई को दूध में अच्छी तरह मिलाकर करीब 7-10 मिनट तक पकाएं. जब सेवई नरम होने लगे और दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तब इसमें चीनी डाले. इसके बाद केसर वाला दूध भी डालकर अच्छी तरह मिला दे. सेवई को कुछ मिनट और पकाएं, ताकि केसर का रंग और स्वाद पूरी मिठाई में अच्छी तरह मिल जाए.
अब इसमें बारीक कटे बादाम, काजू, पिस्ता और इलायची डाले. सभी चीजों को मिलाकर 2-3 मिनट तक पकाएं और गैस बंद कर दे. आपकी स्वादिष्ट और खुशबूदार केसर वाली सेवई तैयार है.
केसर वाली सेवई को आप गर्मागर्म भी परोस सकते हैं और ठंडा करके भी इसका स्वाद लिया जा सकता है. अगर आपको ठंडी सेवई पसंद है तो इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम डालकर सर्व करें. पूजा के बाद परिवार के साथ इसे प्रसाद या मिठाई के तौर पर परोसा जा सकता है.
नाग पंचमी जैसे खास त्योहार पर बाजार की मिठाई लाने के बजाय घर पर बनी केसर वाली सेवई परिवार के साथ त्योहार की मिठास को और बढ़ा सकती है. इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और दूध, मेवे व केसर के कारण इसका स्वाद भी खास बन जाता है.