Aparajita Tea Recipe : अपराजिता के फूलों से बनने वाली चाय को लेकर लोगों में काफी दिलचस्पी बढ़ रही है. इसे सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. लोकल 18 से फरीदाबाद के आयुर्वेदिक डॉक्टर चेतन शर्मा बताते हैं कि अपराजिता के फूलों की चाय दिमाग की ताकत बढ़ाने वाली है. अपराजिता मन और दिमाग को शांत रखने में मदद करता है. जिन लोगों को ज्यादा स्ट्रेस रहता है या अक्सर एंजायटी जैसी परेशानी महसूस होती है, उनके लिए अपराजिता की चाय उपयोगी हो सकती है. डॉ. चेतन बताते हैं कि अपराजिता के फूलों की चाय बनाना बेहद आसान है. एक गिलास पानी लें और उसमें दो से तीन ताजे अपराजिता के फूल डाल दें. अब इसे अच्छी तरह उबालें. जब पानी उबलते-उबलते करीब आधा कप रह जाए तो इसे छान लें और चाय की तरह पी सकते हैं. कोशिश यही करनी चाहिए कि इसमें कुछ भी न मिलाया जाए, ताकि फूल के प्राकृतिक गुण मिल सकें. अगर जरूरत लगे तो हल्का सा मीठा डाला जा सकता है.