Last Updated:
Fruits Peel Recipe: फलों के छिलके को अक्सर लोग कचरा समझकर फेंक देते हैं, या खाद के रूप में यूज करते हैं. लेकिन इस लेख में आप तरबूज, नींबू, संतरा और कच्चे आम के छिलकों की रेसिपीज जानेंगे. जी, हां सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन जायका आपका दिल जीत लेगा.
अक्सर लोग फलों के छिलकों को बेकार समझकर सीधे कूड़ेदान में फेंक देते हैं. आम का छिलका, तरबूज का सफेद हिस्सा, संतरे का छिलका आमतौर पर खाने के बाद तुरंत फेंक दिया जाता है. लेकिन पुराने समय में लोग इन छिलकों का भी स्वादिष्ट और पौष्टिक चीजें बनाने में इस्तेमाल करते थे. जीरो वेस्ट कुकिंग हमारी सभ्यता का अहम हिस्सा रहा है.
असल में फलों के छिलकों में फाइबर, प्राकृतिक तेल और गहरा स्वाद होता है, जो कई बार फल के गूदे से भी ज्यादा होता है. जैसे आम के छिलके में खट्टापन, संतरे के छिलके में खुशबू और हल्की कड़वाहट होती है, जबकि तरबूज का सफेद हिस्सा मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लेता है. इनका इस्तेमाल न सिर्फ पैसे बचाता है, बल्कि खाने को नया और स्वादिष्ट भी बनाता है. ऐसे में घर में मौजूद सामान्य मसालों और आसान तरीकों से फलों के छिलकों को चटनी, अचार, कैंडी और सब्जी में बदला जा सकता है.
तरबूज के छिलके की सब्जी
तरबूज के छिलके को यूज करने के लिए इसे छिलकर हरे हिस्से को हटा दें और सफेद हिस्से को छोटे टुकड़ों में काट लें. फिर इसे सरसों, प्याज, हल्दी और मिर्च के साथ पकाएं. इसका स्वाद लौकी जैसा हल्का और थोड़ा कुरकुरा होता है. गर्मियों में यह सब्जी दाल-चावल के साथ काफी अच्छी लगती है.
नींबू के छिलके का अचार
नींबू का रस निकालने के बाद भी उसके छिलकों में तेज खुशबू और स्वाद रहता है. इन्हें सुखाकर नमक, तेल, राई और लाल मिर्च के साथ मिलाकर स्वादिष्ट अचार बनाया जाता है. कुछ दिनों बाद छिलके नरम हो जाते हैं और मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लेते हैं. यह अचार साधारण खाने का स्वाद भी बढ़ा देता है.
संतरे के छिलके की कैंडी
संतरे के छिलकों से घर पर कैंडी बनाई जा सकती है. इसके लिए सबसे पहले छिलकों की कड़वाहट कम करने के लिए उन्हें उबालकर चीनी की चाशनी में पकाएं. सूखने के बाद ये हल्की चबाने वाली टेस्टी कैंडी बन जाती हैं. इन्हें चाय के साथ स्नैक की तरह खाया जा सकता है.
कच्चे आम के छिलके की चटनी
कच्चे आम के छिलकों से तीखी चटनी बनाई जाती है. इसके लिए इसमें लहसुन, हरी मिर्च, पुदीना और मसाले मिलाए जाते हैं. यह चटनी पराठे, पकौड़े और दाल-चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें