भारतीय भोजन में कढ़ी एक बहुत ही लोकप्रिय और स्वादिष्ट व्यंजन है, जिसे अलग-अलग क्षेत्रों में अलग तरीके से बनाया जाता है. आमतौर पर कढ़ी दही और बेसन से तैयार की जाती है, लेकिन इसमें प्याज डालकर इसे और भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. प्याज वाली कढ़ी खासतौर पर उत्तर भारत में बड़े शौक से खाई जाती है और इसे चावल या रोटी के साथ परोसा जाता है.
सामग्री- प्याज वाली कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले सामग्री तैयार करनी होती है. मुख्य सामग्री में दही, बेसन, प्याज, हल्दी, नमक, लाल मिर्च, जीरा, मेथी दाना, हींग और करी पत्ते शामिल होते हैं. इसके अलावा लहसुन और हरी मिर्च डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
तैयारी- सबसे पहले एक बर्तन में दही और बेसन को अच्छी तरह से फेंट लें, ताकि उसमें गुठलियां न रहें. इसके बाद इसमें हल्दी, नमक और पानी डालकर एक पतला घोल तैयार कर लें.
तड़का लगाएं- अब एक कढ़ाही में तेल गरम करें. गरम तेल में जीरा, मेथी दाना और हींग डालकर तड़का लगाएं. ये मसाले कढ़ी को एक खास खुशबू और स्वाद देते हैं. इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का सुनहरा होने तक भून लें. अगर चाहें तो इसी समय लहसुन और हरी मिर्च भी डाल सकते हैं, जो कढ़ी को और अधिक तीखा और स्वादिष्ट बना देते हैं.
कढ़ी को घोल तैयार करें- जब प्याज अच्छी तरह से भून जाए, तब तैयार किया हुआ दही-बेसन का घोल कढ़ाही में डाल दें. इसे लगातार चलाते रहना जरूरी है ताकि कढ़ी फटे नहीं और नीचे से चिपके नहीं. कुछ समय बाद कढ़ी उबाल लेने लगती है और उसका रंग हल्का पीला हो जाता है. इसे धीमी आंच पर 20 से 25 मिनट तक पकने दें, जिससे इसका स्वाद पूरी तरह से आ जाए.
सजाएं- प्याज वाली कढ़ी की एक खासियत यह है कि इसमें मसालों का संतुलन बहुत महत्वपूर्ण होता है. न ज्यादा खट्टा, न ज्यादा तीखा,इसका स्वाद मध्यम होना चाहिए ताकि सभी लोगों को पसंद आए. अंत में, ऊपर से हरे धनिए की पत्तियां डालकर सजाएं, जिससे यह देखने में भी आकर्षक लगती है.
परोसने का तरीका- यह कढ़ी गर्मागर्म चावल के साथ परोसी जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. कुछ लोग इसे बाजरे या गेहूं की रोटी के साथ भी खाना पसंद करते हैं. बरसात या सर्दियों के मौसम में प्याज वाली कढ़ी खाने का आनंद अलग ही होता है, क्योंकि यह शरीर को गर्माहट देती है.
इसके बारे में कहा जा सकता है, कि ये पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन है जिसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. इसकी खुशबू और स्वाद हर किसी को आकर्षित करता है, और यह भारतीय रसोई का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.