Last Updated:

Bihari Style Kashmiri Dam Aalo Recipie: उबले आलुओं में छेद करके उन्हें घी में सुनहरा भूनें. अब दही में कश्मीरी मिर्च, मसाले और काजू का पेस्ट मिलाएं। कढ़ाई में जीरा-हींग चटकाकर आलू और दही का मिश्रण डालें. इसे धीमी आंच पर ढककर दम पर पकाएं. कसूरी मेथी डालकर गरमा-गरम परोसें.

ख़बरें फटाफट

पटना: अगर आप आलू की साधारण सब्जी से हटकर कुछ खास और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो बिहारी अंदाज में तैयार किया गया कश्मीरी दम आलू आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. दही की हल्की खटास, लाल मिर्च का शानदार रंग और अलग अलग जैसे मसालों की खुशबू इस सब्जी को अलग पहचान देती है. खास बात यह है कि इसमें देसी घी का तड़का स्वाद को और भी निखार देता है. एक बार यह डिश मेहमानों के सामने परोस दी जाए तो लोग सिर्फ तारीफ ही नहीं करेंगे, बल्कि इसकी रेसिपी भी जरूर पूछेंगे.

बिहारी स्टाईल कश्मीरी दम आलू
कश्मीरी दम आलू का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में रेस्टोरेंट जैसा स्वाद आ जाता है, लेकिन अगर इसमें बिहारी रसोई का देसी तड़का लग जाए तो इसका स्वाद और भी खास हो जाता है. इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए सबसे पहले एक कप दही में कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, सौंफ पाउडर, सोंठ पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाकर तैयार कर लें. इसके बाद 7 से 8 साबुत लाल मिर्च और 5 से 6 काजू को गर्म पानी में भिगोकर उनका मुलायम पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को दही वाले मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिला दें. यही मिश्रण इस रेसिपी का असली स्वाद और रंग तय करता है.

अब आलू का काम, दम भर पकाएं 
अब 6 से 7 छोटे आलुओं को उबालकर उनका छिलका उतार लें. कांटे की मदद से आलुओं में छोटे-छोटे छेद कर दें ताकि मसाला अंदर तक पहुंच सके. इसके बाद कढ़ाई में थोड़ा तेल और देसी घी गर्म करें और आलुओं को हल्का सुनहरा होने तक भून लें. जब आलू अच्छे से सिक जाएं तो उन्हें अलग निकालकर रख दें.

उसी कढ़ाई में तेज पत्ता, थोड़ा जीरा और एक चुटकी हींग डालकर भूनें. इसके बाद भुने हुए आलू डाल दें और तुरंत तैयार किया हुआ दही वाला मिश्रण मिला दें. इस दौरान आंच धीमी रखें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं. लगभग 2 से 3 मिनट पकाने के बाद कढ़ाई को ढक दें और 8 से 10 मिनट तक दम पर पकने दें.

ढक्कन खोलते ही हो जायेगा कमाल 
जब आप ढक्कन खोलेंगे तो मसाले के ऊपर तेल तैरता हुआ दिखाई देगा. यह इस बात का संकेत है कि मसाला पूरी तरह पक चुका है और आलुओं ने उसका स्वाद अपने अंदर समेट लिया है. आखिर में थोड़ी सी कसूरी मेथी डालकर गैस बंद कर दें. इस तरह यह बिहारी स्टाइल कश्मीरी दम आलू बनकर तैयार हो गया है. यह रोटी, पराठे या फिर गर्मागर्म चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत दही से आने वाली हल्की खटास है, जो मसालों के साथ मिलकर एक अलग ही स्वाद पैदा करती है. अगर आप घर में कुछ नया और खास बनाना चाहते हैं तो यह रेसिपी आपके खाने की थाली को रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देने का काम करेगी.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

Write A Comment