Banana stem juice benefits : गर्मियों का मौसम आते ही खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए हम सबसे पहले नारियल पानी की तरफ भागते हैं. लेकिन पिछले कुछ समय से नारियल पानी की कीमतें आसमान छू रही हैं. कई बार तो एक नारियल के लिए 60 से 80 रुपये तक चुकाने पड़ते हैं, जो हर किसी की जेब के बजट से बाहर हो जाता है.लेकिन क्या आपको पता है कि नेचर के पास एक ऐसा विकल्प है जो नारियल पानी से कहीं ज्यादा सस्ता है और पोषण के मामले में उससे भी आगे है? जी हां, हम बात कर रहे हैं केले के तने के जूस (Banana Stem Juice) की. अक्सर लोग केले का फल खाकर उसके पेड़ या तने को बेकार समझकर छोड़ देते हैं. लेकिन आयुर्वेद और आधुनिक साइंस, दोनों ही इसे सेहत का असली खजाना मानते हैं. आइए जानते हैं कि यह सस्ता सा दिखने वाला जूस आपकी सेहत के लिए कितना बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है.

पोषक तत्वों का पावरहाउस है केले का तना

न्यूट्रिशन रिसर्च रिपोर्ट्स के अनुसार, केले के तने का जूस (Banana Stem Juice) सेहत के लिए एक बेहतरीन ट्रेडिशनल सुपरफूड माना गया है. केले के फल की तरह ही इसका तना (Stem) भी न्यूट्रिएंट्स से भरपूर होता है. इसमें शरीर के लिए जरूरी लगभग सभी माइक्रो-न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं. अगर आप इसके एक ग्लास जूस का सेवन करते हैं, तो आपके शरीर को ये जरूरी चीजें मिलती हैं:

विटामिन बी6 (Vitamin B6): यह शरीर में हीमोग्लोबिन और इंसुलिन बनाने में मदद करता है.
पोटैशियम (Potassium): ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने और दिल की सेहत के लिए बेहद जरूरी है.
आयरन (Iron): शरीर में खून की कमी (एनीमिया) को दूर करने में मददगार है.
मैग्नीशियम (Magnesium): हड्डियों को मजबूत बनाने और मांसपेशियों के कामकाज को दुरुस्त रखता है.

सेहत को मिलते हैं ये 4 बड़े फायदे-

बॉडी को रखता है सुपर हाइड्रेटेड-
गर्मियों में शरीर से पसीना निकलने के कारण इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है. केले के तने के जूस में पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जो शरीर को अंदर से ठंडा रखती है और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करती है.

किडनी स्टोन में है रामबाण-
केले का तना अपने डाइयुरेटिक (मूत्रवर्धक) गुणों के लिए जाना जाता है. यह शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है. इसके नियमित सेवन से किडनी में मौजूद छोटी पथरी (Stone) गलकर आसानी से बाहर निकल जाती है.

वजन घटाने में मददगार-
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह जूस आपकी डाइट का हिस्सा होना चाहिए. इसमें फाइबर की मात्रा बहुत अधिक होती है, जिसे पीने के बाद काफी देर तक भूख नहीं लगती और मेटाबॉलिज्म भी बूस्ट होता है.

डायबिटीज और ब्लड प्रेशर करे कंट्रोल-
कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स और हाई पोटैशियम के कारण यह जूस ब्लड शुगर लेवल को अचानक बढ़ने नहीं देता. साथ ही, यह हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए भी बेहद फायदेमंद है. हालांकि डॉक्‍टर की सलाह के बाद ही इसका इस्‍तेमाल करना सुरक्षित होगा.

कैसे बनाएं इसे घर पर?
इसे बनाना बेहद आसान है. केले के तने के अंदरूनी सफेद हिस्से को छोटे टुकड़ों में काट लें. इसे थोड़े से पानी के साथ मिक्सी में पीस लें. अब इसे एक मलमल के कपड़े या छन्नी से छान लें. स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें थोड़ा सा नींबू का रस, काला नमक या पुदीने की पत्तियां मिला सकते हैं. चूंकि इसमें फाइबर बहुत ज्यादा होता है, इसलिए इसे बिना छाने गाढ़ा पीना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. इसे हमेशा ताजा ही पिएं.

क्यों है यह नारियल पानी का बेस्ट विकल्प?
नारियल पानी बेशक सेहतमंद है, लेकिन रोज-रोज इसे खरीदना हर किसी के लिए मुमकिन नहीं है. केले के तने का जूस न सिर्फ बेहद किफायती है, बल्कि आपके आस-पास आसानी से उपलब्ध भी हो जाता है. तो इस गर्मी अपनी पॉकेट पर बोझ डाले बिना सेहतमंद रहने के लिए केले के तने के जूस को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें. इस्‍तेमाल से पहले डॉक्‍टर की सलाह जरूर लें.



Source link

Write A Comment