Last Updated:
राजमा-चावल सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि हर उत्तर भारतीय के दिल के करीब एक एहसास है. अगर आप ढाबा जैसा गाढ़ा, मसालेदार और खुशबूदार पंजाबी राजमा घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है.
राजमा-चावल सिर्फ एक रेसिपी नहीं बल्कि एक भावना है, खासकर उत्तर भारत में जब बात आती है ताजे पके हुए गरमा-गरम राजमा की, तो जुबान पर स्वाद और दिल में सुकून दोनों आ जाते हैं. लेकिन अगर आपने कभी पंजाबी स्टाइल राजमा नहीं खाया, तो यकीन मानिए आपने राजमा का असली स्वाद अभी तक चखा ही नहीं.
पंजाब की खासियत होती है वहां के छोटे साइज वाले गहरे रंग के राजमा, जो न सिर्फ जल्दी पकते हैं, बल्कि उनके अंदर एक अलग तरह की मिट्टी की सौंधी खुशबू होती है. इसे खास मसालों और धीमी आंच पर पकाकर जो ग्रेवी तैयार होती है, वो दिल को छू जाती है.
इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें बहुत ज्यादा मसालों की जरूरत नहीं होती, बस जो भी डाला जाता है, वो सही मात्रा में होता है. अगर आप भी इस बारिश के मौसम में या वीकेंड पर कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं, तो यह पंजाबी स्टाइल राजमा रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसे बनाना बिल्कुल आसान है और हर किसी के किचन में उपलब्ध सामान से बन जाती है. चलिए जानते हैं कैसे आप इसे अपने घर में बना सकते हैं, बिल्कुल पंजाबी वाले स्वाद में. सबसे पहले रातभर भिगोए हुए राजमा को सुबह अच्छी तरह धो लें.
अब कुकर में पानी, नमक, तेजपत्ता और इलायची डालकर राजमा को 4-5 सीटी आने तक पकाएं. फिर धीमी आंच पर 10 मिनट तक पकाएं, ताकि राजमा पूरी तरह गल जाए. अब कढ़ाही में घी या तेल गर्म करें. उसमें हींग डालें, फिर प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें.
अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड चलाएं. फिर कटे हुए टमाटर या प्यूरी डालें और तब तक पकाएं जब तक तेल न छोड़ दे. अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और थोड़ा सा नमक डालें. इन मसालों को अच्छे से भूनें, ताकि उनका कच्चापन चला जाए.
अब उबले हुए राजमा को ग्रेवी में डाल दें. साथ ही, उबालने वाला पानी भी डालें ताकि ग्रेवी गाढ़ी हो. इसे ढककर 15-20 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि राजमा में सारे मसालों का स्वाद अच्छे से समा जाए. जब राजमा गाढ़ा और रंगत में गहरा हो जाए, तब ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालें.
अब 2 मिनट और पकाएं और गैस बंद कर दें. पंजाबी स्टाइल राजमा को गरमा-गरम चावल के साथ सर्व करें. साथ में प्याज के लच्छे, नींबू और एक कटोरी दही हो तो स्वाद दोगुना हो जाता है. चाहें तो इसे तंदूरी रोटी या मिस्सी रोटी के साथ भी खा सकते हैं.
पंजाब वाले छोटे राजमा ही इस्तेमाल करें, इनका स्वाद अलग होता है. टमाटर की जगह टमाटर प्यूरी का इस्तेमाल करने से ग्रेवी चिकनी बनती है. राजमा को धीमी आंच पर पकाना ही इसका असली राज है. अगर राजमा और ग्रेवी एक जैसा न लगे, तो बेलन या कड़छी से थोड़ा मैश कर लें, इससे गाढ़ापन बढ़ेगा.
एक चुटकी कसूरी मेथी डालने से भी फ्लेवर और अच्छा हो जाता है. जब अगली बार कुछ देसी और दिल को छू जाने वाला खाना बनाने का मन हो, तो इस पंजाबी स्टाइल राजमा को जरूर ट्राई करें. स्वाद ऐसा होगा कि घर वाले बार-बार कहेंगे कि आज फिर वही राजमा बना दो.