Last Updated:

Kulhad Wali Mango Rabdi Recipe: अगर आप गर्मियों में कुछ ठंडा, स्वादिष्ट और शाही डेजर्ट बनाना चाहते हैं तो मैंगो रबड़ी एक बेहतरीन विकल्प है. हैदराबाद की पारंपरिक खाद्य संस्कृति से जुड़ी यह मिठाई आम और रबड़ी का शानदार फ्यूजन है. कुल्हड़ में परोसे जाने पर इसकी सोंधी खुशबू स्वाद को और बढ़ा देती है. इसे बनाने के लिए दूध को गाढ़ा कर रबड़ी तैयार की जाती है और फिर उसमें आम का पल्प मिलाया जाता है. दो घंटे फ्रिज में ठंडा करने के बाद ड्राई फ्रूट्स से सजाकर इसे सर्व किया जाता है.

ख़बरें फटाफट

हैदराबाद. भीषण गर्मी के इस मौसम में जहां लोग ठंडक पहुंचाने वाले व्यंजनों की तलाश में रहते हैं, वहीं आम से बनी पारंपरिक मिठाइयों का क्रेज भी चरम पर है. इन दिनों मिट्टी के पारंपरिक कुल्हड़ में परोसी जाने वाली गाढ़ी और मलाईदार मैंगो रबड़ी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. फलों के राजा आम और पारंपरिक भारतीय रबड़ी का यह शानदार मेल स्वाद प्रेमियों को खूब आकर्षित कर रहा है. हैदराबाद की खाद्य संस्कृति में खास पहचान रखने वाली यह मिठाई गर्मियों की दावतों और पारिवारिक आयोजनों की शान मानी जाती है.

मैंगो रबड़ी पारंपरिक लच्छेदार रबड़ी और पके हुए मीठे आम के पल्प का बेहतरीन मिश्रण है. पुरानी हैदराबाद की शादियों, दावतों और विशेष अवसरों पर इसे खास तौर पर परोसा जाता रहा है. कुल्हड़ या मिट्टी के कसौरे में परोसने से इसमें सोंधी खुशबू घुल जाती है, जो इसके स्वाद को और भी खास बना देती है. यही वजह है कि यह डेजर्ट बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.

इन सामाग्रियों की पड़ेगी जरूरत

अगर आप भी इस गर्मी में मेहमानों का मुंह मीठा कराना चाहते हैं या घर पर कुछ ठंडा और शाही स्वाद चखना चाहते हैं, तो मैंगो रबड़ी आसानी से तैयार की जा सकती है. इसको बनाने के लिए फुल क्रीम दूध 1 लीटर, पके और मीठे आम का पल्प 1 कप, आम के बारीक कटे टुकड़े आधा कप, चीनी स्वादानुसार, इलायची पाउडर आधा चम्मच छोटा, कटे हुए पिस्ते और बादाम 2 चम्मच की जरूरत पड़ेगी.

नोट कर लें बनाने की विधि

सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई में दूध डालकर उबाल लें. उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और दूध को लगातार पकने दें. दूध की सतह पर बनने वाली मलाई को कढ़ाई के किनारों पर चिपकाते जाएं. बीच-बीच में दूध को चलाते रहें ताकि वह तले में न लगे. जब दूध घटकर अपनी मूल मात्रा का लगभग एक-तिहाई रह जाए और अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब किनारों पर जमा मलाई को खुरचकर दूध में मिला दें. इसके बाद इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालकर 3 से 4 मिनट तक पकाएं. फिर गैस बंद कर दें और रबड़ी को पूरी तरह ठंडा होने दें.

सर्व करने से पहले दो घटें फ्रीज में रखें

रबड़ी के ठंडी होने पर उसमें आम का पल्प डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इसे कम से कम दो घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. सर्व करते समय ठंडी मैंगो रबड़ी को कुल्हड़ में निकालें और ऊपर से आम के टुकड़े, पिस्ते तथा बादाम से सजाएं. गर्मियों में यह शाही मैंगो रबड़ी न सिर्फ स्वाद का आनंद देती है, बल्कि ठंडक का अहसास भी कराती है. यही वजह है कि इन दिनों यह मिठाई फूड लवर्स की पसंदीदा डेजर्ट बनी हुई है.

About the Author

deep ranjan

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



Source link

Write A Comment