Last Updated:
मोमोज के शौकीनों के लिए वेज बटर स्टीम मोमोज एक बेहतरीन विकल्प हैं. ताजी सब्जियों की स्टफिंग, मुलायम मैदे की परत और मक्खन के स्वाद के साथ तैयार होने वाली यह आसान रेसिपी घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देने का दावा करती है. सही विधि अपनाकर आप कम समय में स्वादिष्ट मोमोज बना सकते हैं.
Momos Recipe: उत्तर प्रदेश के आगरा में मोमोज का क्रेज हर उम्र के लोगों में सिर चढ़कर बोल रहा है. बाजारों में आजकल कई तरह के मोमोज मिलना शुरू हो गए हैं. अगर आप भी मोमोज खाने के बेहद शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको ‘वेज बटर स्टीम मोमोज’ बनाने की पूरी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिससे आप आसानी से रेस्टोरेंट जैसे स्वादिष्ट मोमोज अपने घर पर ही तैयार कर सकते हैं.
आगरा की फूड एक्सपर्ट ने बताया कि वेज बटर मोमोज के लिए मैदा, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, गाजर, ताजा हरा धनिया, लहसुन और स्वादानुसार सब्जियों की जरूरत होती है. उन्होंने बताया कि इसके लिए पिघले हुए बटर (मक्खन) का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे उसे आसानी से मोमोज पर लगाया जा सके. इडली मेकर या मोमोज मेकर में इसे आसानी से घर पर स्टीम किया जा सकता है. बाजार की तुलना में घर में बनाए गए मोमोज सेहत को इतना नुकसान नहीं पहुंचाते हैं, क्योंकि इसमें साफ और ताजा सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है; हालांकि इन्हें भी सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए.
आगरा की फूड एक्सपर्ट बबिता ने बताया कि सबसे पहले गुनगुने पानी में मैदा को माड़ (गूंथ) कर तैयार कर लेना है. उन्होंने कहा कि कुछ देर यानी कि 15-20 मिनट के लिए मैदा को ढक कर रख दें, जिससे वह थोड़ी फूल जाए. इस दौरान मोमोज के लिए वेज स्टफिंग को तैयार किया जा सकता है. बबिता ने बताया कि इसके लिए पत्ता गोभी, गाजर, शिमला मिर्च, हरा धनिया, लहसुन आदि को बारीक-बारीक काट लेना है. सब्जियां कटने के बाद उसमें थोड़ा सा नमक डाल दें और 5 मिनट के लिए छोड़ दें. 5 मिनट बाद आप देखेंगे कि सब्जियां पानी छोड़ रही हैं, तो ऐसे में उस पानी को पूरी तरह से निचोड़ लें, जिससे कि मोमोज फटे नहीं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने कहा कि अब मोमोज के लिए तैयार सब्जियों में मसाले ऐड (शामिल) करें. इसके लिए थोड़ा सा गरम मसाला, थोड़ा सा मैगी मसाला, थोड़ा सा अजीनोमोटो और स्वादानुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. इस तरह आपके मोमोज में फिलिंग के लिए वेज तैयार है. अब मैदा को देख लें और उसकी छोटी व पतली-पतली पूरी की तरह बेलकर उसमें इस तैयार वेज मिक्सचर को भर दें और स्टीम करने के लिए बर्तन में रख दें. करीब 15-20 मिनट तक अच्छे से स्टीम होने तक इसे पकने दें. इस दौरान बीच में मोमोज को हल्के हाथों से पलट भी सकते हैं, जिससे वह पूरी तरह से स्टीम हो जाएं और कहीं से भी कच्चे न रहें.
आगरा की फूड एक्सपर्ट बबिता ने कहा कि बाहर मिलने वाले मोमोज अनहेल्दी होते हैं. हालांकि, मैदा स्वास्थ्य और पेट के लिए नुकसानदेह होता है, लेकिन घर के बने ताजा मोमोज सेहत को इतना नुकसान नहीं करेंगे, जितना बाहर के करते हैं.
उन्होंने कहा कि घर में तैयार होने वाले मोमोज में शुद्ध और ताजा सब्जियों को डाला जाता है, जबकि बाहर बनने वाले मोमोज में क्या-क्या डाला जाता है, यह कोई नहीं जानता. उन्होंने सलाह दी कि जब कभी भी मोमोज खाने का मन हो, तो घर में इस आसान विधि से इन्हें बनाकर खाया जा सकता है. हालांकि, स्वास्थ्य न बिगड़े, इसके लिए इन्हें हमेशा सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए.