Last Updated:
गेहूं के आटे से बनी ये सेवइयां बाजार में मिलने वाली मैदा वाली चाऊमीन की तुलना में ज्यादा पौष्टिक और सुपाच्य मानी जाती हैं. सेवइयों को बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है और आप इन्हें लंबे समय तक स्टोर करके भी रख सकते हैं. ये खाने में स्वाद में भी लाजवाब होती हैं और फिर इनके आगे बाजार में मिलने वाली चाऊमीन भी फीकी लगती है.
आज के दौर में फास्ट फूड का चलन तेजी से बढ़ा है. बच्चे हों या बड़े, मैगी, नूडल्स और चाऊमीन जैसी चीजें लगभग हर घर की पसंद बन चुकी हैं. हालांकि बाजार में मिलने वाली अधिकांश चाऊमीन और नूडल्स मैदे से तैयार की जाती हैं, जो सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद नहीं मानी जातीं. ऐसे में अगर आप स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखना चाहते हैं, तो घर पर बनी आटे की सेवइयां बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं.
घरेलू तरीके से तैयार की गई आटे की सेवइयां स्वाद में लाजवाब होने के साथ पौष्टिक भी होती हैं. खास बात यह है कि इन्हें एक बार बनाकर लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट नाश्ता तैयार किया जा सकता है.
ऐसे तैयार करें आटे की सेवइयां
आटे की सेवइयां बनाने के लिए सबसे पहले गेहूं के आटे को थोड़ा कड़ा गूंथ लें. इसके बाद सेवइयां बनाने वाली मशीन या सांचे की मदद से पतली-पतली सेवइयां निकाल लें. इन सेवइयों को साफ कपड़े या बड़ी थाली में फैलाकर धूप में अच्छी तरह सुखा लें. पूरी तरह सूख जाने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर सुरक्षित रखा जा सकता है. सही तरीके से स्टोर की गई सेवइयां कई महीनों तक खराब नहीं होतीं.
नमकीन सेवइयां बनाने की आसान विधि
जब भी आपको स्वादिष्ट नमकीन सेवइयां बनानी हों, सबसे पहले आलू, प्याज, हरी मिर्च, टमाटर और मटर जैसी सब्जियों को बारीक काट लें.
सबसे पहले कढ़ाई में थोड़ा तेल या घी गर्म करें और सेवइयों को हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद दूसरी बार तेल डालकर उसमें जीरा या राई चटकाएं. अब प्याज, आलू और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह भूनें.
सब्जियां पकने के बाद स्वादानुसार नमक, हल्दी और अन्य मसाले डालें. अगर आप चाऊमीन जैसा स्वाद चाहते हैं, तो थोड़ा मैगी मसाला भी मिला सकते हैं. अब इसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर उबाल आने दें. उबाल आने के बाद भुनी हुई सेवइयां डालें और करीब 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. कुछ ही देर में स्वादिष्ट नमकीन सेवइयां तैयार हो जाएंगी.
स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल
शिवपुरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों के कई घरों में आज भी यह पारंपरिक व्यंजन बड़े चाव से बनाया जाता है. एक बार इसका स्वाद चखने के बाद बच्चे भी बाजार की चाऊमीन की जगह घर की सेवइयों की मांग करने लगते हैं.
About the Author
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…और पढ़ें