Last Updated:
Traditional Jharkhandi Chilka Roti Recipe: आपने आटे की रोटियां तो खायी हैं पर चावल की रोटी खायी है कभी? झारखंड की तरफ चावल से बनती है छिलका रोटी जिसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि बना सब्जी दाल के ही पूरी सफाचट हो जाती है. इसके लिए भिगोए-पीसे चावल या चावल के आटे का इस्तेमाल होता है, जानते हैं रेसिपी.
बोकारो. झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों में छिलका रोटी का एक विशेष स्थान है. यह एक ऐसा लोकप्रिय पकवान है, जिसे ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरों तक लोग बड़े चाव से खाते हैं. चाहे सुबह का नाश्ता हो या शाम का हल्का स्नैक, छिलका रोटी हर उम्र के लोगों की पसंद बनी हुई है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बेहद कम समय में तैयार हो जाती है. ऐसे में बोकारो जिले के चंदनक्यारी प्रखंड स्थित दीदी किचन की संचालिका माला देवी ने छिलका रोटी बनाने की पारंपरिक और आसान विधि साझा की है.
चावल से बनती है रोटी
उन्होंने बताया कि सबसे पहले चावल को रातभर पानी में भिगोकर रखा जाता है. फिर अगले दिन भीगे हुए चावल को मिक्सर में बारीक पीसकर मुलायम पेस्ट तैयार किया जाता है. इसके बाद इसमें जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर बैटर बनाया जाता है. वहीं, कुछ लोग बैटर के रूप में चावल के अलावा सीधे आटे का भी उपयोग करते हैं.
बारीक कटी सब्जी भी डाल सकते हैं
अगले चरण में छिलका रोटी को और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिए तैयार बैटर में मौसमी सब्जियों को बारीक काटकर डाला जाता है, जिससे टमाटर, प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ता या दूसरी हरी सब्जियां डालने से इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. वहीं, बैटर तैयार होने के बाद तवा को गैस या चूल्हे पर अच्छी तरह गर्म किया जाता है.
सादा भी बना सकते हैं
यह ध्यान रखें कि इस बैटर में सब्जी डालनी है या नहीं, यह आपकी अपनी च्वॉइस है. कई लोग प्लेन रोटी बनाते हैं और इसे अपनी पसंद की दाल सब्जी या चटनी, अचार के साथ खाना पसंद करते हैं. कुछ लोग इसे चाय के साथ स्नैक के रूप में शौक से खाते हैं. यह पूरी तरह आपकी व्यक्तिगत पसंद पर निर्भर करता है.
चटनी, चाय या सब्जी के साथ खाएं
फिर उसके बाद बैटर को तवे पर डालकर गोल आकार में फैलाया जाता है. कुछ देर पकने के बाद इसे पलटकर दूसरी तरफ भी सुनहरा होने तक सेंका जाता है और फिर तैयार छिलका रोटी को धनिया-पुदीना की चटनी, आलू की सब्जी या गर्म चाय के साथ परोसा जाता है. यह झारखंडी व्यंजन कई घरों में पीढ़ियों से बनता आ रहा है और आज भी लोगों का पसंदीदा डिश बना हुआ है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें