Last Updated:
Jamun Chutney Recipe: बघेलखंड में जामुन की चटनी सिर्फ एक साइड डिश नहीं है बल्कि इसे एक औषधि की तरह भी देखा जाता है. सतना निवासी अंजलि चतुर्वेदी ने लोकल 18 से कहा कि यह चटनी जितनी स्वादिष्ट होती है, उतनी ही सेहतमंद भी होती है.
सतना. बरसात का मौसम आते ही रसोई से कुछ चटपटा और मजेदार खाने की खुशबू आने लगती है. इस मौसम में अगर खाने के साथ कुछ ऐसा मिल जाए, जो स्वाद भी बढ़ाए और सेहत भी दुरुस्त रखे तो फिर क्या कहने. बघेलखंड के इलाकों में इन दिनों एक खास देसी जायका लोगों की जुबान पर चढ़ने लगता है. हम बात कर रहे हैं पारंपरिक बघेलखंडी स्टाइल जामुन की चटनी की, जिसका खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद लोगों को दीवाना बना रहा है. सबसे अच्छी बात यह है कि यह चटनी मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है. तो चलिए जानते हैं कि क्यों यह चटनी बघेलखंड की हर रसोई की शान बनी हुई है और इसे बनाने का सबसे आसान तरीका क्या है.
बघेलखंड में जामुन की चटनी सिर्फ एक साइड डिश नहीं है बल्कि इसे एक औषधि की तरह भी देखा जाता है. लोकल 18 से खास बातचीत में स्थानीय निवासी अंजलि चतुर्वेदी ने बताया कि यह चटनी जितनी स्वादिष्ट होती है, उतनी ही सेहतमंद भी है. जामुन में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पेट के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं. जब जामुन के गूदे में हरी मिर्च, लहसुन और पुदीना जैसी चीजें मिलती हैं, तो इसका स्वाद दोगुना हो जाता है. आज के दौर में जहां लोग फास्टफूड के दीवाने हैं, वहीं बघेलखंड के घरों में आज भी इस पारंपरिक और देसी डिश को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है.
चटनी के लिए जरूरी सामग्री
अगर आप भी इस पारंपरिक डिश को घर पर बनाना चाहते हैं, तो आपको बहुत ज्यादा तामझाम करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. इसके लिए आपको अपने किचन में ही मौजूद कुछ बेहद बेसिक चीजों की जरूरत होगी. सबसे पहले आपको एक कप ताजे और पके हुए जामुन का गूदा यानी पल्प निकालकर रखना होगा. इसके साथ ही एक मुट्ठी बारीक कटा हुआ ताजा हरा धनिया, ताजगी के लिए थोड़े से पुदीने के पत्ते, तीखेपन के लिए स्वादानुसार हरी मिर्च और दो से तीन कलियां लहसुन की ले लें. मसाले के तौर पर आपको सिर्फ आधा छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, स्वादानुसार काला नमक, सादा नमक और पीसने के लिए बस दो चम्मच पानी की जरूरत होगी.
मिनटों में तैयार जामुन की चटनी
अंजलि ने कहा कि इस चटनी को बनाने की विधि बेहद सरल है और इसे कोई भी मिनटों में तैयार कर सकता है. इसके लिए सबसे पहले ताजे पके हुए जामुनों को पानी से अच्छी तरह धो लें फिर चाकू की मदद से या हाथों से दबाकर जामुन के बीजों को पूरी तरह अलग कर लें और उसका साफ गूदा एक कटोरी में निकाल लें. अब एक ब्लेंडर जार या मिक्सी का जार लें और उसमें यह जामुन का गूदा डाल दें. इसके बाद जार में हरा धनिया, पुदीने के पत्ते, हरी मिर्च, लहसुन, भुना जीरा पाउडर, काला नमक और सादा नमक एक साथ डाल दें. इसमें सिर्फ दो चम्मच पानी मिलाएं ताकि सभी चीजें आपस में अच्छी तरह मिल सकें और फिर मिक्सी चलाकर इसे अपनी पसंद के अनुसार बारीक या थोड़ा दरदरा पीस लें.
समोसे, कचौड़ी और पराठों के साथ जमेगा असली रंग
मिक्सी से निकालते ही आपकी शानदार और खुशबूदार बघेलखंडी जामुन की चटनी बनकर बिल्कुल तैयार हो जाती है. इसे जार से निकालकर एक कटोरी में रखें. इसकी सोंधी और तीखी खुशबू ही आपके मुंह में पानी लाने के लिए काफी है. इस चटनी को आप गरमागरम समोसे, खस्ता-कचौड़ी या फिर सुबह के आलू-पनीर के भरे हुए पराठों के साथ परोस सकते हैं. अगर आप इसे दाल-चावल के साथ भी खाएंगे, तो यह खाने का स्वाद चार गुना बढ़ा देती है. तो देर किस बात की, इस मानसून आप भी अपने घर पर इस आसान और लाजवाब रेसिपी को जरूर ट्राई करें और बघेलखंड के असली देसी स्वाद का आनंद लें.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.