Last Updated:

बैंगन का भरता उत्तर भारत का लोकप्रिय व्यंजन है, खासकर पूर्वी यूपी और बिहार में. इसे गांव जैसा बनाने के लिए बैंगन को कोयले पर रोस्ट कर, प्याज, लहसुन, हरी मिर्च और करी पत्तों के साथ मिलाकर तैयार करें.

बैंगन का भरता उत्तर भारत के सबसे लोकप्रिय पारंपरिक व्यंजनों में से एक माना जाता है. यह स्वादिष्ट डिश लोगों के लंच और डिनर की शान बढ़ाती है. खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बैंगन का चोखा बेहद पसंद किया जाता है. समय के साथ इसकी लोकप्रियता देशभर में फैल चुकी है.

हालांकि, आज भी कई लोगों की शिकायत रहती है कि घर पर भरता बनाने के बावजूद उसमें गांव जैसा देसी स्वाद नहीं आ पाता, ऐसे में आज हम आपको एक ऐसी खास रेसिपी बता रहे हैं, जिसकी मदद से आप घर पर ही गांव के पारंपरिक स्वाद वाला बैंगन का भरता तैयार कर सकते हैं.

गांव में बैंगन का भरता बनाने का तरीका शहरों से थोड़ा अलग होता है. वहीं, इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका प्राकृतिक स्मोकी फ्लेवर होता है, जो लकड़ी या कोयले की आंच पर पकाने से मिलता है. यही स्वाद भरते को खास और यादगार बना देता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

गांव जैसा बैंगन का भरता बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े आकार का ताजा बैंगन लें और उसे अच्छी तरह धो लें. इसके बाद एक छोटा कोयला जलाएं और बैंगन को उस पर रख दें. बैंगन को चारों तरफ से कोयले की आंच में अच्छी तरह पकाएं और उसे कोयले से ढककर रोस्ट होने दें.

इस प्रक्रिया से बैंगन पूरी तरह नरम हो जाएगा और उसमें एक बेहतरीन स्मोक्ड फ्लेवर आ जाएगा. जब तक बैंगन पक रहा हो, तब तक अन्य सामग्री तैयार कर लें. इसके लिए प्याज को छीलकर लंबाई में काट लें. साथ ही लहसुन की कलियों को भी साफ कर लें और करी पत्तों को डंठल से अलग कर लें.

आप अपनी पसंद के अनुसार हरी मिर्च भी तैयार रख सकते हैं. बैंगन के अच्छी तरह पक जाने के बाद उसे एक बर्तन में निकाल लें और उसका छिलका सावधानी से हटा दें. इसके बाद करछी या किसी बड़े चम्मच की मदद से बैंगन को अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि उसमें कोई बड़ा टुकड़ा न रह जाए.

अब बारी आती है उस खास देसी स्वाद की, जो इस रेसिपी को अलग बनाता है. इसके लिए प्याज, लहसुन, हरी मिर्च और करी पत्तों को एक ओखली में डालकर अच्छी तरह कूट लें. गांवों में अक्सर यही पारंपरिक तरीका अपनाया जाता है. यदि ओखली उपलब्ध न हो तो केले के पत्ते पर रखकर भी इन सामग्रियों को कूटा जा सकता है.

ध्यान रखें कि इन चीजों को मिक्सी में पीसने की गलती न करें, क्योंकि इससे सामग्री का प्राकृतिक स्वाद और बनावट बदल जाती है. जब मसाले अच्छी तरह कूट जाएं, तब उन्हें मैश किए हुए बैंगन में मिला दें. इसके बाद स्वादानुसार नमक डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें.

कुछ ही मिनटों में आपका गांव जैसा स्वादिष्ट बैंगन का भरता तैयार हो जाएगा. गर्मागर्म रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसा गया यह भरता खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. इसकी देसी खुशबू और स्मोकी फ्लेवर हर किसी को गांव की याद दिला देगा.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment