सामग्री(Ingredients)-
गेहूं का आटा – 2 कप
फ्रेश दही – आधा कप
बेकिंग पाउडर – आधा छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा (मीठा सोडा) – एक चौथाई
छोटा चम्मच चीनी – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल या पिघला हुआ घी – 2 चम्मच
कलौंजी (मंगरैल) और बारीक कटा हरा धनिया – ऊपर से लगाने के लिए
बटर या घी – नान पर लगाने के लिए
सॉफ्ट नान बनाने का ‘सीक्रेट तरीका’ (Step-by-Step Recipe)
1.परफेक्ट डो (आटा) तैयार करें
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा छान लें. अब इसमें नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद बीच में थोड़ी जगह बनाकर दही और तेल डालें. हाथों से मिलाते हुए गुनगुने पानी की मदद से एक एकदम सॉफ्ट और लचीला आटा गूंथ लें. ध्यान रहे, आटा कड़ा नहीं होना चाहिए.
2: आटे को दें आराम
आटे के ऊपर थोड़ा सा तेल या घी लगाकर उसे एक गीले कपड़े से ढक दें. इसे कम से कम 30 से 45 मिनट के लिए किसी गर्म जगह पर सेट होने के लिए छोड़ दें. यही वह सीक्रेट है जिससे बिना यीस्ट के भी आटे में अच्छा खमीर (Fermentation) उठता है और नान सॉफ्ट बनते हैं.
3: नान को बेलें
अब आटे की मीडियम साइज की लोइयां (पेड़े) बना लें. सुखा आटा लगाकर इसे ओवल (लंबा) या गोल शेप में थोड़ा मोटा बेल लें. अब इसके ऊपर थोड़ी सी कलौंजी और कटा हुआ हरा धनिया डालकर बेलन से हल्का सा दबा दें ताकि यह चिपक जाए.
4: तवे पर तंदूर बनाएं
नान को पलटें और उसकी सादी वाली साइड पर ब्रश या हाथों की मदद से अच्छे से पानी लगाएं. अब लोहे के तवे को तेज गर्म करें (नॉन-स्टिक तवे का इस्तेमाल न करें, वरना नान चिपकेगा नहीं). पानी लगी साइड को तवे पर डालें. कुछ ही सेकंड्स में आप देखेंगे कि नान के ऊपर रेस्टोरेंट जैसे बबल्स (बुदबुदे) आने लगे हैं.
5: ऐसे सेकें
जब नीचे की तरफ से नान सेक जाए, तो तवे को डंडी से पकड़कर सीधे गैस की आंच पर उल्टा कर दें. तवे को चारों तरफ घुमाते हुए नान को सीधी आंच पर तब तक सेकें जब तक उस पर तंदूर जैसे भूरे और क्रिस्पी स्पॉट्स न आ जाएं.
लीजिए, आपका गरमा-गरम, सुपर सॉफ्ट और हेल्दी आटा तंदूरी नान तैयार है! तवे से उतारकर इस पर ढेर सारा बटर या देसी घी लगाएं और अपनी पसंदीदा ग्रेवी वाली सब्जी के साथ सर्व करें. सेहत और स्वाद का यह परफेक्ट कॉम्बो आपके परिवार को बेहद पसंद आएगा.