Poha Aloo Snack Recipe: सुबह की जल्दी हो, बच्चों का टिफिन तैयार करना हो या शाम की हल्की भूख मिटानी हो, हर दिन एक नया और स्वादिष्ट नाश्ता ढूंढना आसान नहीं होता. रोज एक जैसा पोहा, पराठा या ब्रेड खाकर अक्सर लोग बोर हो जाते हैं. ऐसे में अगर आपको एक ऐसी रेसिपी मिल जाए जो स्वाद में शानदार हो, बनाने में आसान हो और कई दिनों तक स्टोर भी की जा सके, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है? श्यामली की रसोई से मिली यह खास रेसिपी पोहा, कच्चे आलू और बेसन के अनोखे मेल से तैयार होती है. बाहर से एकदम कुरकुरी और अंदर से नरम यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा.

इसकी सबसे खास बात यह है कि आप इसे पहले से बनाकर फ्रिज में 3 से 4 दिनों तक रख सकते हैं. जब भी खाने का मन करे, बस फ्राई करें और गर्मागर्म सर्व करें. कम सामग्री, आसान तरीका और बेहतरीन स्वाद की वजह से यह रेसिपी आपके किचन की पसंदीदा डिश बन सकती है.

पोहा, आलू और बेसन का अनोखा कॉम्बिनेशन
इस रेसिपी में इस्तेमाल होने वाली तीन मुख्य चीजें लगभग हर घर में आसानी से मिल जाती हैं. पोहा नाश्ते को हल्का और सॉफ्ट बनाता है, कच्चा आलू इसमें बढ़िया टेक्सचर जोड़ता है और बेसन सभी चीजों को अच्छी तरह बांधने का काम करता है. मसालों का सही संतुलन इस स्नैक को और भी स्वादिष्ट बना देता है.

जरूरी सामग्री
1. 1 कप मोटा पोहा
2. 1 मीडियम कच्चा आलू
3. 1/4 कप बेसन
4. 1/4 कप पानी
5. 1 से 2 चम्मच तेल
6. 1 चुटकी हींग
7. 1/2 चम्मच जीरा
8. 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
9. 1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
10. 1 चम्मच सफेद तिल
11. 1/2 चम्मच अजवाइन
12. 1/4 चम्मच काली मिर्च पाउडर
13. थोड़ा सा गरम मसाला
14. चुटकीभर कलौंजी
15. थोड़ा सा कढ़ी पत्ता
16. बारीक कटा हरा धनिया
17. स्वादानुसार नमक

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

पोहा और आलू की तैयारी
सबसे पहले पोहे को छन्नी में डालकर दो से तीन बार हल्के हाथों से धो लें. इसके बाद इसमें आधा कप पानी डालकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि यह अच्छी तरह फूल जाए. अब कच्चे आलू को छीलकर बारीक कद्दूकस कर लें. कद्दूकस किए हुए आलू को हल्के हाथों से दबाकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें.

ऐसे तैयार करें बेस
जब पोहा नरम हो जाए, तो उसे हाथों से अच्छी तरह मसल लें. अब इसमें बेसन और पानी मिलाकर स्मूद मिश्रण तैयार कर लें. ध्यान रखें कि मिश्रण में गांठें न रहें.

मसालों के साथ पकाएं
एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें हींग और जीरा डालकर चटकाएं. अब अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर कुछ सेकेंड भूनें. इसके बाद कद्दूकस किए हुए आलू डालें और करीब एक मिनट तक हल्का भून लें. अब इसमें हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, तिल, अजवाइन, काली मिर्च, कलौंजी, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब पोहा और बेसन का मिश्रण कड़ाही में डालें. ऊपर से हरा धनिया डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें. कुछ मिनट बाद मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगेगा और डो जैसा बन जाएगा. तब गैस बंद कर दें.

मनचाहा आकार दें
एक ट्रे या प्लेट को हल्के तेल से ग्रीस कर लें. तैयार मिश्रण को इसमें फैलाएं और चम्मच की मदद से बराबर कर लें. अब इसे 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. सेट होने के बाद इसे बाहर निकालें और चाकू से चौकोर या ट्रायंगल आकार में काट लें.

फ्राई करें और मजे से खाएं
अगर तुरंत खाना चाहते हैं, तो कड़ाही में तेल गर्म करें और इन बाइट्स को शैलो फ्राई या डीप फ्राई कर लें. मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं. इन्हें हरी चटनी, टोमैटो सॉस या चाय के साथ सर्व किया जा सकता है.

स्टोर करने का सही तरीका
अगर आप इसे पहले से बनाकर रखना चाहते हैं, तो कटी हुई कच्ची टिकियों को एयर-टाइट कंटेनर या जिप-लॉक बैग में भरकर फ्रिज में रख दें. ये आसानी से 3 से 4 दिनों तक ताजा बनी रहती हैं. जरूरत पड़ने पर इन्हें सीधे फ्राई करके खाया जा सकता है.



Source link

Write A Comment