Last Updated:
High Protein Roti Recipe: आप हेल्दी और टेस्टी खाने की तलाश में हैं, तो पनीर और मूंग दाल से बनी यह हाई-प्रोटीन रोटी जरूर ट्राई करें. यह 2 दिन तक सॉफ्ट रहती है, बनाने में आसान है और आपकी डाइट में प्रोटीन बढ़ाने का स्वादिष्ट तरीका भी है.
वेट लॉस रेसिपी
High Protein Roti Recipe: हर घर में रोटी रोज बनती है, लेकिन अक्सर एक ही तरह की गेहूं की रोटी खाते-खाते लोग बोर हो जाते हैं. वहीं, जो लोग वजन कम करने, फिट रहने या अपनी डाइट में प्रोटीन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए रोज कुछ नया और हेल्दी बनाना आसान नहीं होता. सबसे बड़ी परेशानी तब होती है, जब टिफिन या सफर के लिए बनाई गई रोटियां कुछ घंटों बाद ही सख्त हो जाती हैं और उनका स्वाद भी फीका लगने लगता है, अगर आप भी ऐसी ही दिक्कतों का सामना करते हैं, तो फूड ब्लॉगर बृष्टि की यह खास रेसिपी आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है.
पनीर, उबली मूंग दाल और कुछ आसान मसालों से तैयार होने वाली यह हाई-प्रोटीन रोटी न सिर्फ स्वाद में शानदार है, बल्कि 2 दिन तक मुलायम बनी रहती है. खास बात यह है कि इसका आटा गूंथने के लिए बहुत कम पानी की जरूरत पड़ती है. आइए जानते हैं इस हेल्दी और टेस्टी रोटी को बनाने का आसान तरीका.
क्यों खास है यह हाई-प्रोटीन रोटी?
साधारण गेहूं की रोटी के मुकाबले इस रेसिपी में पनीर और मूंग दाल का इस्तेमाल किया जाता है. ये दोनों चीजें प्रोटीन से भरपूर होती हैं, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करती हैं. यही वजह है कि यह रोटी वजन कंट्रोल करने वालों और फिटनेस पसंद करने वालों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. इस रोटी की दूसरी सबसे बड़ी खासियत इसकी सॉफ्टनेस है. पनीर और मूंग दाल की नेचुरल नमी आटे को लंबे समय तक मुलायम बनाए रखती है. यही कारण है कि यह रोटी अगले दिन भी ताजा और स्वादिष्ट लगती है.
जरूरी सामग्री
1. 100 ग्राम पनीर
2. 1 कप उबली हुई मूंग दाल
3. 1 कप गेहूं का आटा
4. 1 इंच अदरक
5. 2 हरी मिर्च
6. आधा छोटा चम्मच अजवाइन
7. आधा छोटा चम्मच जीरा
8. 2 चुटकी हींग
9. आधा छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
10. बारीक कटा हरा धनिया
11. स्वादानुसार नमक
12. 1 छोटा चम्मच तेल
ऐसे तैयार करें पनीर का खास पेस्ट
सबसे पहले पनीर को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. अब मिक्सर जार में पनीर, अदरक और हरी मिर्च डालें. बिना पानी मिलाए इन चीजों को अच्छी तरह पीस लें. जब एकदम स्मूथ और क्रीमी पेस्ट तैयार हो जाए, तब इसे अलग निकाल लें. यही पेस्ट इस रोटी का सबसे खास हिस्सा है, जो स्वाद के साथ-साथ इसकी सॉफ्टनेस भी बढ़ाता है.
आटा गूंथने का सही तरीका
एक बड़े बर्तन में पनीर का पेस्ट और उबली हुई मूंग दाल डालें. अब इसमें अजवाइन, जीरा, हींग, चिली फ्लेक्स, हरा धनिया, नमक और तेल मिला दें. इसके बाद गेहूं का आटा डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मसलते हुए मिलाएं. ध्यान रखें कि ऊपर से पानी डालने की जल्दबाजी न करें. पनीर और दाल में मौजूद नमी आटा गूंथने के लिए काफी होती है. अगर जरूरत महसूस हो, तो सिर्फ कुछ बूंदें पानी की डालें. जब आटा मुलायम और चिकना हो जाए, तो उसे 5 मिनट के लिए ढककर रख दें.
View this post on Instagram