Last Updated:
No Onion Garlic Gravy: कई लोगों को ऐसा लगता है कि बिना प्याज और लहसुन सब्जी की ग्रेवी में स्वाद नहीं आता है. लेकिन यहां हम आपको ग्रेवी की एक ऐसी रेसिपी बता रहे हैं, जिसे आप बना गार्लिक और अनियन के रेडी कर सकते हैं.
प्याज और लहसुन भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है. ज्यादातर सब्जियों को बनाने की शुरुआत प्याज और लहसुन से ही होती है. कई सारे लोगों के लिए इसके बिना कुकिंग करना लगभग मुश्किल सा हो जाता है. इसका कारण है, इससे मिलने वाली थीकनेस और टेस्ट जो कि इसके बिना नामुमकिन सा लगता है.
लेकिन वास्तव में आप बिना प्याज और लहसुन के भी टेस्टी और गाढ़ी ग्रेवी बनाकर तैयार कर सकते हैं और इसे कई सारे व्यंजनों में इस्तेमाल कर सकते हैं. यह ग्रेवी खासतौर पर व्रत, पूजा, सात्विक भोजन और जैन भोजन के लिए एक बेहतरीन विकल्प है. सही मसालों, टमाटर, काजू और दही की मदद से तैयार यह ग्रेवी कई तरह की सब्जियों का स्वाद बढ़ा देती है.
बिना प्याज-लहसुन की ग्रेवी रेसिपी
सामाग्री
– 4 बड़े टमाटर
– 10-12 काजू
– 2 बड़े चम्मच दही
– 1 बड़ा चम्मच फ्रेश क्रीम (वैकल्पिक)
– 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
– 1 छोटा चम्मच जीरा
– ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
– 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
– 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
– ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
– 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
– स्वादानुसार नमक
– 2 बड़े चम्मच घी या तेल
बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले टमाटर और काजू को 5 से 7 मिनट तक उबाल लें. जब ये ठंडे हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर में डालकर एकदम चिकना पेस्ट बना लें.
- अब एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालकर तड़काएं. इसके बाद कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें और कुछ सेकंड तक भून लें. अब तैयार टमाटर-काजू का पेस्ट डालकर 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह पकाएं.
- जब मसाले से घी अलग होने लगे, तब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब दही डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि दही फटे नहीं. आखिर में गरम मसाला, कसूरी मेथी और चाहें तो फ्रेश क्रीम डालें. 2 मिनट तक पकाने के बाद आपकी स्वादिष्ट ग्रेवी तैयार है.
किन-किन सब्जियों में करें इस्तेमाल
इस ग्रेवी का उपयोग शाही पनीर, मटर पनीर, मलाई कोफ्ता, मिक्स वेज, नवरत्न कोरमा, मशरूम करी, आलू-टमाटर की सब्जी और सोया चाप जैसी कई डिश बनाने में किया जा सकता है. एक ही ग्रेवी से हर बार अलग स्वाद वाली सब्जी तैयार हो जाती है.
स्वाद बढ़ाने के टिप्स
अगर आप ग्रेवी को और ज्यादा रिच बनाना चाहते हैं, तो काजू के साथ कुछ बादाम या खरबूजे के बीज भी मिला सकते हैं. आखिर में थोड़ी फ्रेश क्रीम और कसूरी मेथी डालने से ग्रेवी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.
स्टोर करने का तरीका
इस ग्रेवी को एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में 3 से 4 दिन तक स्टोर करके रखा जा सकता है. जब भी जरूरत हो, इसमें अपनी पसंद की सब्जी डालें और कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट सात्विक सब्जी तैयार कर लें.
About the Author
शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें