Last Updated:

Agra Famous Fish Pakoda Shop: आगरा जहां अपनी वास्तुकला के लिए दुनिया में मशहूर है, वहीं चटपटे और लजीज व्यंजनों के शौकीनों के लिए भी यह शहर किसी स्वर्ग से कम नहीं है. आगरा के सिकंदरा इलाके में एक ऐसी दुकान है, जिसके स्वादिष्ट मछली के पकौड़े पूरे क्षेत्र में धूम मचा रहे हैं. शुद्ध सरसों के तेल में तले जाने वाले इन पकौड़ों और खड़े मसालों से तैयार होने वाली सीक्रेट देसी चटनी का स्वाद ऐसा है कि लोग इसके दीवाने हो जाते हैं. शुद्धता और लाजवाब स्वाद के कारण यहां हर समय खाने वालों की भारी भीड़ लगी रहती है.

आगरा: उत्तर प्रदेश का आगरा शहर सिर्फ अपने ऐतिहासिक स्मारकों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने बेहतरीन और लजीज व्यंजनों के लिए भी पूरी दुनिया में जाना जाता है. आगरा में एक ऐसी दुकान है, जहां मछली के पकौड़े बेहद मशहूर हैं. कारीगर बताते हैं कि वे एकदम शुद्ध सरसों के तेल में पकौड़े तलते हैं और इसके साथ मिलने वाली चटनी भी घर के खास मसालों से ही तैयार की जाती है.

पकौड़ों को बनाने में अच्छी क्वालिटी का बेसन, अजवाइन और दरदरे पिसे हुए खड़े मसालों का इस्तेमाल होता है, जिससे इसका स्वाद दोगुना बढ़ जाता है. इसी शुद्धता और लाजवाब स्वाद के कारण दूर-दराज से लोग यहां मछली पकौड़े खाने आते हैं. स्वाद का आलम यह है कि कई कस्टमर तो दुकान पर आने से पहले ही फोन करके अपना ऑर्डर बुक करा देते हैं.

कमाल का स्वाद, लोग हो जाते हैं दीवाने
आगरा के सिकंदरा स्थित नगला चुचाना के पास ‘आकाश चिकन एंड फिश फ्राई रेस्टोरेंट’ नाम की यह दुकान है. संचालक आकाश ने बताया कि वे अपने चिकन और फिश फ्राई को पूरी शुद्धता के साथ बनाते हैं और यही कारण है कि उनके यहां ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रहती है. आकाश पिछले कई सालों से यह काम कर रहे हैं, जिससे उन्हें इसका काफी अच्छा अनुभव हो चुका है. उनके पुराने ग्राहक तो सिर्फ उन्हीं के पास आते ही हैं, साथ ही जो कोई पहली बार यहां मछली पकौड़े खाने आता है, वह भी इनका फैन हो जाता है.

यहां शुद्ध सरसों के तेल में तले जाने के कारण इन पकौड़ों की खुशबू बहुत बेहतरीन होती है. साथ ही यहां चटनी या पकौड़े में लाल मिर्च या किसी भी तरह के नुकसानदेह मसालों का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करते, जिससे ग्राहकों की सेहत पर कोई बुरा असर न पड़े.

घर के खड़े मसालों से तैयार होती है खास चटनी
आकाश ने बताया कि मछली के पकौड़े के साथ वे घर की बनी एकदम ताजी चटनी परोसते हैं. इस चटनी को वे ताजा हरा धनिया, अदरक, लहसुन, प्याज, टमाटर और थोड़ा सा पुदीना डालकर पीसते हैं. इसे तीखा और चटपटा करने के लिए लाल मिर्च का उपयोग बिल्कुल नहीं किया जाता है, बल्कि इसकी जगह कुछ चुनिंदा खड़े मसाले जैसे काली मिर्च, लौंग और बड़ी इलायची का इस्तेमाल होता है. यह चटनी इतनी स्वादिष्ट होती है कि लोग पकौड़ों के साथ दो से तीन बार मांगकर खाते हैं और इसकी तारीफ किए बिना नहीं थकते.

जानिए क्या है पकौड़ों का रेट?
अगर कीमत की बात करें, तो यहां मछली के पकौड़े का रेट 240 रुपये प्रति 250 ग्राम (एक पाव) है. इसके साथ ही चिकन पकौड़े का रेट भी 240 रुपये प्रति 250 ग्राम ही है. आकाश ने बताया कि 250 ग्राम मछली पकौड़े में करीब 10 से 12 पीस आ जाते हैं. अगर कोई कस्टमर पकौड़ों का साइज बड़ा रखवाना चाहता है, तो पीस थोड़े कम हो जाते हैं. अगर आप भी कम दाम में सबसे अच्छे स्वाद वाले पकौड़ों का मजा लेना चाहते हैं, तो आगरा के नगला चुचाना स्थित इस आउटलेट पर जरूर जा सकते हैं

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Write A Comment