Fish Recipe: बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में बारिश का मौसम पारंपरिक खानपान का खास समय माना जाता है. इस दौरान नदियों और तालाबों का पानी खेतों तक पहुंचने पर कोतरी, लपची और टेंगना जैसी छोटी मछलियां खेतों में आ जाती हैं. ग्रामीण इन्हें पकड़कर देसी मसालों के साथ स्वादिष्ट मिक्स मछली की सब्जी तैयार करते हैं. इस रेसिपी की खासियत आमा खोईला (अमचूर) का उपयोग है, जो इसका स्वाद और बढ़ा देता है. सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले मछलियों को अच्छी तरह साफ कर नमक और हल्दी लगाकर कुछ देर रखा जाता है. इसके बाद इन्हें तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लिया जाता है. फिर कड़ाही में तेल गर्म कर जीरा, हरी मिर्च और आमा खोईला का तड़का लगाया जाता है. इसमें टमाटर, कसूरी मेथी, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और गरम मसाला डालकर मसाला अच्छी तरह पकाया जाता है. आखिर में पानी और तली हुई मछलियां डालकर 5–7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाया जाता है. यह पारंपरिक छत्तीसगढ़िया डिश गरम भात के साथ परोसी जाती है और बरसात में लोगों की पसंदीदा रेसिपी मानी जाती है.