Last Updated:
Colocasia Leaf Curry Recipe: बरसात के मौसम में अगर रोजमर्रा की सब्जियों से हटकर कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो अरबी के पत्तों की पारंपरिक सब्जी बेहतरीन विकल्प है. धौलपुर के ग्रामीण इलाकों में यह व्यंजन आज भी बड़े चाव से बनाया जाता है. बेसन, दही और मसालों के साथ तैयार होने वाली यह सब्जी हल्के खट्टे स्वाद और शानदार खुशबू के कारण हर उम्र के लोगों की पसंद बनी हुई है. गृहिणी प्रभा शर्मा के अनुसार, कसूरी मेथी और सूखे पुदीने का इस्तेमाल इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. अरबी के पत्तों को बेसन के घोल में लपेटकर तलने के बाद मसाले और दही की ग्रेवी में पकाया जाता है. यह सब्जी कम समय में तैयार हो जाती है और गरमा-गरम रोटी या पराठे के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
धौलपुर. बरसात के मौसम में अगर रोज की सब्जियों से कुछ अलग और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो अरबी के पत्तों की सब्जी बेहतरीन साबित हो सकती है. धौलपुर के ग्रामीण इलाकों में यह पारंपरिक व्यंजन आज भी बड़े चाव से बनाया जाता है. अरबी के पत्ते, बेसन, दही और मसालों से तैयार होने वाली यह सब्जी हल्के खट्टे स्वाद के साथ बेहद लाजवाब लगती है. स्वाद के साथ यह पौष्टिक भी होती है, इसलिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इसे पसंद करते हैं.
घर पर ऐसे बनाएं अरबी पत्तों की सब्जी
सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले अरबी के पत्तों के डंठल निकालकर उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद बेसन में लाल मिर्च, हल्दी और धनिया पाउडर मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें. इस घोल को अरबी के पत्तों पर अच्छी तरह लगाएं. अब कढ़ाई में तेल गर्म करें, उसमें जीरा डालें और बेसन लगे पत्तों को सुनहरा होने तक तल लें. अब प्याज, लहसुन, हरी मिर्च और टमाटर का पेस्ट तैयार कर लें. इसी तेल में इस पेस्ट को अच्छी तरह भूनें. फिर इसमें लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, नमक, कसूरी मेथी और सूखा पुदीना डालकर कुछ मिनट पकाएं.
गरमा-गरम रोटी या पराठे के साथ स्वाद का ले सकते हैं मजा
मसाला अच्छी से मिल जाने के बाद दही डालें और लगातार चलाते हुए करीब पांच मिनट तक पकाएं, ताकि दही फटे नहीं. जब मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए, तब इसमें तले हुए अरबी के पत्ते डालें. दो-तीन मिनट चलाने के बाद थोड़ा पानी मिलाकर करीब पांच मिनट और पकाएं. कुछ ही देर में स्वादिष्ट अरबी के पत्तों की सब्जी तैयार हो जाएगी. बरसात के मौसम में गरमा-गरम रोटी या पराठे के साथ यह सब्जी खाने का मज़ा ही अलग होता है. अगर घर में मेहमान आए हों, तो उन्हें भी यह पारंपरिक और स्वादिष्ट सब्जी परोस सकते हैं। इसका अनोखा स्वाद हर किसी को पसंद आता है.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें