भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच आज लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि दोपहर 3:00 बजे भारत के कप्तान शुभमन गिल और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे। फिलहाल यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, इसलिए आज का मैच जीतने वाली टीम ही सीरीज अपने नाम करेगी। भारतीय टीम के पास आज का मैच जीतकर इतिहास रचने का एक बड़ा मौका है, क्योंकि टीम इंडिया पिछले 22 सालों से लॉर्ड्स के इस मैदान पर कोई भी वनडे मैच नहीं जीत पाई है।
तीसरे वनडे मैच के लिए भारतीय टीम में थोड़ा बदलाव किया गया है। कार्डिफ में हुए मैच के दौरान वाशिंगटन सुंदर चोटिल हो गए थे, इसलिए वह इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। अब उनकी जगह टीम में हर्ष दुबे को शामिल किया गया है। कुलदीप यादव को इस सीरीज में अब तक एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है, इसलिए फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें इस मैच में प्लेइंग XI में मौका मिल सकता है।
आपको बता दें कि इस मैच के दौरान सभी की नजरें रोहित शर्मा पर रहने वाली है। यह मैच रोहित शर्मा के लिए बहुत जरूरी है क्योंकि साल 2026 में उन्होंने 8 मैचों में सिर्फ एक ही हाफ-सेंचरी लगाई है। ऐसे में आज रोहित बल्ले से एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। टीम इंडिया के लिए अच्छी बात ये है कि विराट कोहली अच्छी फॉर्म में लग रहे हैं। उन्होंने पिछले मुकाबले में अर्धशतक लगाया था। लेकिन अगर भारत को यह सीरीज जीतनी है तो उन्हें एक बड़ी पारी खेलनी होगी। वहीं कप्तान शुभमन गिल पूरी सीरीज में अच्छे फॉर्म में नजर आए हैं।
भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे वनडे के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारतीय टीम: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, केएल राहुल, कुलदीप यादव, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड की टीम: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, साकिब महमूद, ब्रायडन कार्स, टॉम बैंटन, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद, जोश टंग, लियाम डॉसन।