भारतीय टीम से लगातार बाहर चल रहे ऋतुराज गायकवाड़ के लिए घरेलू क्रिकेट से अच्छी खबर आई है। स्टार बल्लेबाज को दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं, लंबे समय से सुर्खियों से दूर रहे विस्फोटक ओपनर पृथ्वी शॉ को भी टीम में जगह मिली है। यह टूर्नामेंट दोनों खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया में वापसी का बड़ा मंच साबित हो सकता है।

ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे कप्तानी

दलीप ट्रॉफी का आगाज 23 अगस्त से होगा और वेस्ट जोन की टीम क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ जोन से भिड़ेगी। ऋतुराज की कप्तानी वाली इस टीम में शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, पृथ्वी शॉ, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन और तुषार देशपांडे जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

ऋतुराज गायकवाड़ पिछले कुछ समय से भारतीय ODI टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया में वापसी का मौका मिला था। पहले मैच में वह सिर्फ 8 रन बना सके, लेकिन दूसरे ODI में शानदार शतक लगाकर उन्होंने जोरदार वापसी की। तीसरे मुकाबले में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला और इसके बाद न्यूजीलैंड सीरीज के लिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया, क्योंकि कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हो गई थी।

इसके बाद ऋतुराज को श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में भी शुरुआती तौर पर जगह नहीं मिली। बाद में रियान पराग के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया। फिलहाल वह टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। टेस्ट क्रिकेट में भी ऋतुराज को अब तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है। उन्हें 2023 में वेस्टइंडीज दौरे के लिए पहली बार टेस्ट टीम में चुना गया था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। सीरीज के बाद उन्हें टेस्ट टीम से भी बाहर कर दिया गया।

पृथ्वी शॉ की वेस्ट जोन टीम में वापसी

दूसरी ओर, पृथ्वी शॉ की भी वेस्ट जोन टीम में वापसी हुई है। 2025-26 सीजन से पहले महाराष्ट्र की ओर से खेलने वाले पृथ्वी ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात मैचों की 11 पारियों में 537 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए। हालांकि, IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल होने के बावजूद उन्हें पूरे सीजन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।

सरफराज खान के लिए भी यह टूर्नामेंट बेहद अहम रहने वाला है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद उन्हें भारतीय टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था और हाल ही में इंडिया ए टीम में भी जगह नहीं मिली। ऐसे में दलीप ट्रॉफी में बड़ा स्कोर कर वह चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचना चाहेंगे।

दलीप ट्रॉफी का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 23 से 26 अगस्त तक BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 6 सितंबर से शुरू होगा। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर सिलेक्टर्स की भी पैनी नजर रहेगी, इसलिए यह टूर्नामेंट कई खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया का रास्ता खोल सकती है।

यह भी पढ़ें:

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया जीती है केवल एक वनडे सीरीज, चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद हो गया बेड़ा गर्क

टॉस के ही वक्त तय हो गई थी टीम इंडिया की हार, रोहित और कोहली ने लगा दी जान, कप्तान गिल ने डुबोया

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment