Allam Pachadi Recipe: आपके घर में भी नाश्ते के साथ रोज़ वही नारियल या टमाटर की चटनी बनती है और अब कुछ नया खाने का मन करता है, तो इस बार आंध्र प्रदेश की मशहूर अल्लम पचड़ी जरूर ट्राई करें. अदरक से बनने वाली यह खास चटनी अपने तीखे, खट्टे और हल्के मीठे स्वाद के लिए जानी जाती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सिर्फ 15 मिनट में तैयार हो जाती है और सही तरीके से स्टोर करने पर करीब एक महीने तक आसानी से चल सकती है.

यही वजह है कि दक्षिण भारत के कई घरों में इसे पहले से बनाकर रखा जाता है. इडली, डोसा, उत्तपम, पेसरट्टू, चीला या फिर गर्म-गर्म पराठों के साथ भी इसका स्वाद बेहद शानदार लगता है, अगर आप भी अपनी किचन में नई रेसिपी जोड़ना चाहते हैं, तो यह आसान और स्वाद से भरपूर अल्लम पचड़ी आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है.

अल्लम पचड़ी क्यों है इतनी खास?
अल्लम पचड़ी आंध्र प्रदेश की पारंपरिक चटनियों में गिनी जाती है. “अल्लम” का मतलब अदरक होता है. इस चटनी में अदरक मुख्य सामग्री होती है, जिसे मसालों, इमली और गुड़ के साथ पकाकर तैयार किया जाता है. इसका स्वाद एक साथ तीखा, खट्टा और मीठा होता है, इसलिए यह हर उम्र के लोगों को पसंद आती है. आजकल कई लोग ऐसी रेसिपी पसंद करते हैं जो जल्दी बन जाए और कई दिनों तक इस्तेमाल की जा सके. अल्लम पचड़ी इन दोनों बातों पर खरी उतरती है.

अल्लम पचड़ी बनाने के लिए सामग्री
इस स्वादिष्ट चटनी को बनाने के लिए आपको 75 ग्राम मोटा कटा अदरक, 5 से 6 लहसुन की कलियां, 1 बड़ा चम्मच चना दाल, 1 बड़ा चम्मच उड़द दाल, 1 बड़ा चम्मच साबुत धनिया, ¼ छोटा चम्मच मेथी दाना, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच राई, नींबू के आकार की इमली, 2 तीखी सूखी लाल मिर्च, 3 कश्मीरी सूखी लाल मिर्च, स्वादानुसार नमक, आधा कप पानी, 1 बड़ा चम्मच गुड़ और जरूरत के अनुसार कुकिंग ऑयल चाहिए. तड़के के लिए 1 छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच जीरा, 2 सूखी लाल मिर्च, आधा छोटा चम्मच हींग, 7 से 8 कढ़ी पत्ते और थोड़ा सा तेल रखें.

कैसे बनाएं आंध्र स्टाइल अल्लम पचड़ी
पहला स्टेप: सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. इसमें कटा हुआ अदरक डालकर करीब 2 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें. अब इसमें लहसुन की कलियां डालें और 2 मिनट तक और पकाएं. इसके बाद दोनों को प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें.

दूसरा स्टेप: उसी पैन में थोड़ा सा तेल डालें और उसमें चना दाल, उड़द दाल, साबुत धनिया, मेथी दाना, जीरा और राई डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद इमली, तीखी लाल मिर्च और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर करीब 2 मिनट तक पकाएं. गैस बंद कर दें और मसालों को पूरी तरह ठंडा होने दें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

तीसरा स्टेप: अब मिक्सर जार में पहले भुने हुए मसालों को डालकर हल्का दरदरा पीस लें. फिर इसमें भुना हुआ अदरक, लहसुन, नमक और आधा कप पानी डालकर गाढ़ा और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.

अंतिम स्टेप: एक बार फिर पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. इसमें राई, जीरा, सूखी लाल मिर्च, हींग और कढ़ी पत्ता डालकर तड़का तैयार करें. अब इसमें तैयार किया हुआ पेस्ट डालें और करीब एक मिनट तक पकाएं. आखिर में गुड़ डालकर अच्छी तरह मिला दें. कुछ मिनट बाद गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट अल्लम पचड़ी तैयार है.

किन चीजों के साथ खाएं?
यह चटनी सिर्फ इडली और डोसे तक सीमित नहीं है. इसे पेसरट्टू, उत्तपम, रवा डोसा, मूंग दाल चीला, पराठा, सादा चावल या दही-चावल के साथ भी परोसा जा सकता है. कई लोग इसे सैंडविच या रोटी रोल में स्प्रेड की तरह भी इस्तेमाल करते हैं.

स्टोर करते समय रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप इसे लंबे समय तक इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो पूरी तरह ठंडा होने के बाद साफ और सूखे कांच के जार में भरें. हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें और फ्रिज में रखें. सही तरीके से स्टोर करने पर यह चटनी लगभग एक महीने तक स्वाद बनाए रख सकती है.

घर की रसोई में जरूर जोड़ें यह रेसिपी
अगर आप रोज़ के खाने में थोड़ा नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो अल्लम पचड़ी एक शानदार विकल्प है. कम समय, आसान सामग्री और लंबे समय तक इस्तेमाल की सुविधा इसे व्यस्त दिनचर्या के लिए भी बेहतरीन बनाती है. एक बार इसे बनाकर देखिए, इसकी अलग पहचान वाला स्वाद बार-बार बनाने का मन करेगा.



Source link

Write A Comment