कैथल: हरियाणा के कैथल में पंडूरी से बीजेपी विधायक सतपाल जांबा का समोसे तलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बीजेपी विधायक ये कहते हुए नजर आ रहे हैं कि “मेरी भी रेहड़ी लगाओ, काफी मुनाफा है।”
समोसे तलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया
बीजेपी विधायक सतपाल जांबा ने अपना समोसे तलते हुए वीडियो खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है। सतपाल ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “मेहनतकश हाथों का सम्मान, रेहड़ी पर तले गरमा-गरम समोसे। हम सभी का दायित्व है कि अपने शहर के रेहड़ी-पटरी वाले साथियों का सम्मान करें, उनसे खरीदारी करें और उनके छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग दें। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम स्वनिधि योजना ने लाखों स्ट्रीट वेंडर्स को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का नया अवसर दिया है। आइए, स्थानीय खरीदारी करें और छोटे व्यापारियों का साथ देकर आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाएं।”
कहां का है वीडियो?
हरियाणा से बीजेपी विधायक का ये वीडियो फरल गांव का है। विधायक, बलबीर सैनी नाम के शख्स की रेहड़ी पर रुके और खुद ही समोसे तलने लगे। इस दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद लोगों से हल्के फुल्के अंदाज में बात की। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि लोगों की सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है इसलिए भले ही समोसे की कीमत एक रुपए और बढ़ा दो लेकिन अच्छे तेल का ही इस्तेमाल करो।
समोसे वाले की रोजाना कितनी होती है बिक्री
वायरल वीडियो में बीजेपी विधायक ने ये भी बताया कि बलबीर सैनी दिनभर में 3 हजार रुपए के समोसे बेच लेते हैं। इसी दम पर इस समोसे वाले ने 2 एकड़ जमीन भी खरीद ली है जबकि वह केवल 5 रुपए का एक समोसा बेचते हैं लेकिन अपनी दम पर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं।
विधायक ने साफ किया कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी खाने का सामान, लोकल व्यक्ति से लेकर खाओ। इससे उनको रोजगार मिलेगा। साथ ही यह भी कहा कि जिस व्यक्ति के हाथ पैर सलामत हैं, वह रोजगार के लिए किसी का मोहताज नहीं होता। स्वरोजगार शुरू करके हम खुद तो कमाई कर ही सकते हैं, साथ में दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं। (रिपोर्ट- कैथल से मनोज मलिक)
ये भी पढ़ें-