Last Updated:

Masala Dosa At Home: घर पर बाजार जैसा मसाला डोसा बनाने के लिए कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है. समस्तीपुर के कारीगर बिट्टू कुमार ने परफेक्ट डोसा बनाने के टिप्स दिए. उन्होंने बैटर में सूजी और जरा सी चीनी भी मिलाने की सलाह दी.

समस्तीपुर. अगर बदलते मौसम में कुछ हल्का, स्वादिष्ट और चटपटा खाने का मन है, तो मसाला डोसा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. आमतौर पर लोग इसे होटल या रेस्टोरेंट में खाना पसंद करते हैं, लेकिन थोड़ी-सी तैयारी के साथ इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है. इस बार हमने मसाला डोसा बनाने वाले कारीगर बिट्टू कुमार से बातचीत की, जिन्होंने होटल जैसा स्पेशल मसाला डोसा बनाने की पूरी विधि साझा की. उनके अनुसार सही बैटर, तवे का सही तापमान और मसालों का संतुलन ही स्वाद का सबसे बड़ा राज है. अगर इन बातों का ध्यान रखा जाए, तो घर में भी बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा कुरकुरा और स्वादिष्ट मसाला डोसा तैयार किया जा सकता है.

जानिए पूरी प्रक्रिया
बिट्टू कुमार ने बताया कि सबसे पहले चावल को पूरी रात पानी में भिगोकर रखा जाता है. सुबह पानी निकालकर चावल को मिक्सी में बारीक पीस लिया जाता है. तैयार करने के दौरान इसमें आवश्यकतानुसार सूजी भी मिलाई जाती है, जिससे डोसा अधिक कुरकुरा बनता है. बड़े स्तर पर अगर 100 पीस डोसा तैयार करना हो, तो स्वाद और रंग के संतुलन के लिए करीब 100 ग्राम चीनी भी मिलाई जाती है. इसके बाद तवे को अच्छी तरह गर्म कर उस पर बटर लगाया जाता है.

हरे धनिया से बढ़ेगा स्वाद
फिर बटर को तवे पर डालकर, उसके ऊपर चावल और सूजी के मिश्रण को डालकर गोल-गोल फैलाया जाता है. डोसा पकने लगे तो उसके ऊपर एक चम्मच देसी घी डाला जाता है. इसके बाद हल्दी, जीरा पाउडर और अन्य मसालों से तैयार आलू का मसाला बीच में रखा जाता है. अगर स्पेशल मसाला डोसा बनाना हो, तो पहले से हल्का फ्राई किया हुआ पनीर भी आलू के मसाले के ऊपर डालकर कुछ देर तक पकाया जाता है. आखिर में हरे धनिये की पत्तियां डालने से स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.

नारियल चटनी और अचार के साथ मिलता है पूरा स्वाद
कारीगर के अनुसार मसाला डोसा का असली स्वाद उसके साथ परोसे जाने वाले साथियों से भी बढ़ जाता है. डोसा तैयार होने के बाद इसे नारियल की ताजी चटनी, प्याज और अचार के साथ परोसा जाता है, जिससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. उन्होंने बताया कि साधारण और स्पेशल मसाला डोसा में सबसे बड़ा अंतर पनीर का होता है. स्पेशल डोसा में फ्राई किया हुआ पनीर इस्तेमाल किया जाता है, जबकि सामान्य मसाला डोसा केवल आलू के मसाले से तैयार होता है.

सही अनुपात में बैटर तैयार करना, तवे की गर्माहट बनाए रखना और मसालों का संतुलित उपयोग करना स्वादिष्ट डोसा बनाने की सबसे बड़ी कुंजी है. अगर आप भी अपने परिवार या मेहमानों को घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट खिलाना चाहते हैं, तो इस आसान विधि से होटल जैसा स्पेशल मसाला डोसा बनाकर उन्हें स्वाद का बेहतरीन अनुभव दे सकते हैं.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment