मैसूरु में एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी और फिर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मृतकों की पहचान हरीश (39), उनकी पत्नी निश्चिता (37), रक्षा (8) और नक्शा (4) के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि यह घटना ज़िले के हुंसूर शहर के न्यू मारुति लेआउट में हुई। आरम्भिक जांच के मुताबिक एक इंश्योरेंस कम्पनी की वेहिकल रिकवरी यूनिट में काम कर रहे हरीश को कुछ वित्तीय समस्याएं थीं। पुलिस के अनुसार, हरीश ने कथित तौर पर फांसी लगाने से पहले अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी।
हरीश ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें लिखा था कि वह ऊपर के कमरे में फांसी पर लटका हुआ मिलेगा। उस नोट में उसने लॉकर में रखे प्रॉपर्टी के कागज़ात समेत अन्य दस्तावेज़ों और उनकी चाबियों के बारे में भी बताया और पुलिस से अनुरोध किया कि वे इन्हें नोट में बताए गए व्यक्ति को सौंप दें। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि उसने तीन दिन पहले ही अपनी माँ को अपनी दादी के घर भेज दिया था। हुंसूर सिटी पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने कहा कि घटना की असल वजह का पता लगाया जा रहा है और आगे की जांच चल रही है।